Monday, August 10, 2026
Latest:
अपराधदुर्घटनाराजधानी

वाहन की टक्कर से एमडीडीए के एई की मौत, शास्त्रीनगर क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, दिवंगत पत्रकार हर्षवर्धन बहुगुणा के अनुज थे मृतक राजेंद्र

देहरादून। हरिद्वार रोड स्थित शास्त्री नगर क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले एमडीडीए के सहायक अभियंता राजेंद्र प्रसाद बहुगुणा को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल राजेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। राजेंद्र, 90 के दशक में अमर उजाला व दैनिक जागरण समेत विभिन्न समाचार पत्रों से जुड़े रहे दून के जाने-माने पत्रकार हर्षवर्धन बहुगुणा के छोटे भाई थे। हर्ष की भी मार्च-2002 में मृत्यु हो गई थी।

एमडीडीए में बतौर सहायक अभियंता कार्यरत राजेंद्र यहां शास्त्री नगर में पत्नी, पुत्र व पुत्री और वृद्ध माता-पिता के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह वे रोज की तरह घर से टहलने निकले थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि वाहन कांवड़ियों का था, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल राजेंद्र को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। एई की मृत्यु की सूचना मिलते ही एमडीडीए कर्मियों में शोक की छा गया। शोकस्वरूप एमडीडीए कार्यालय बंद कर दिया गया।

पैदल चलने वालों के लिए पूरी तरह असुरक्षित हुआ दून, महज 12 घंटे से भी कम समय में वाहन की टक्कर से दूसरी मौत

महज 12 घंटे से भी कम समय में सड़क पर पैदल चल रहे दो लोगों की जान वाहनो की टक्कर में जा चुकी है। लोगों का मानना है कि राजधानी की सड़कें पैदल चलने वालों के लिए पूरी तरह असुरक्षित हो चुकी हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व रविवार रात क्लेमेनटाउन क्षेत्र में  पैदल जा रही बी.टेक की छात्रा को ट्रैक्टर ने चपेट में ले लिया था, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *