कंधे पर कांवड़ उठाए हरिद्वार से ऋषिकेश चलीं खेल मंत्री रेखा आर्य, 22 किमी की पैदल दूरी तय कर वीरभद्र मंदिर में करेंगी जलाभिषेक
हरिद्वार/ऋषिकेश। भारत को 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी मिले, इस कामना के साथ प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य सोमवार को हरिद्वार से कांवड़ लेकर निकलीं। उनकी ‘ओलंपिक-2036 संकल्प कांवड़ यात्रा’ शाम को ऋषिकेश स्थित वीरभद्र मंदिर में जलाभिषेक के साथ विराम लेगी।
ओलंपिक-2036 की मेजबानी भारत को मिलने की कामना लेकर निकाली संकल्प कांवड़ यात्रा
कांवड़ यात्रा का शुभारंभ खेलमंत्री ने सुबह 7:00 बजे हर की पैड़ी से की। उन्होंने पूजा-अर्चना के बाद देश में ओलंपिक खेलों के सफल आयोजन का संकल्प लेते हुए गंगाजल उठाया। इसके बाद वे पैदल ही कंधे पर कांवड़ उठाए रायवाला होते हुए ऋषिकेश की ओर बढ़ीं। कांवड़ यात्रा में खेल मंत्री के साथ काफी संख्या में खिलाड़ी, एथलीट और अन्य लोग शामिल हुए।
इस दौरान पूरे रास्ते ‘हर-हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ का उद्घोष होता रहा। खेल मंत्री की कांवड़ यात्रा करीब 22 किलोमीटर की दूरी तय कर सोमवार शाम ऋषिकेश के प्रसिद्ध वीरभद्र मंदिर पहुंचेगी, जहां जलाभिषेक करके इसे विराम दिया जाएगा।

