दुर्घटनाउत्तराखंडराजधानी

‘खूनी’ जोन में अब तक का सबसे भीषण हादसा, कंटेनर पलटने से दबी कार, एक ही परिवार के 3 लोगों समेत 4 की मौत, बच्चा चमत्कारिक ढंग से बचा

देहरादून। मोहब्बेवाला के ‘खूनी जोन’ में बुधवार अपराह्न अब तक के सबसे भीषण हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे के निर्माण के बाद लगातार जानलेवा हादसों के लिए कुख्यात मोहब्बेवाला चौक क्षेत्र में हुए इस हादसे में कंटेनर पलटने से एक कार उसके नीचे दबकर बुरी तरह पिचक गई। हादसे में मृत कार सवारों में वृद्धा और उनके पुत्र व पुत्रवधू शामिल हैं। कार के भीतर ही फंसा मृत दंपति का 6 वर्षीय पुत्र चमत्कारिक ढंग से सकुशल बच गया। कार इतनी बुरी तरह पिचक गई कि पुलिस और फायर सर्विस की रेस्क्यू टीम को कंटेनर हटवाने के बाद कार को कटर से काट कर चारों को निकालना पड़ा।

दुर्घटना अपराह्न 3:30 बजे के आसपास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सहारनपुर से एक आई-20 कार देहरादून की ओर आ रही थी। मोहब्बेवाला चौक क्षेत्र में कार के बगल में चल रहा यूरिया के बोरों से भरा कंटेनर अचानक पलट गया। विशालकाय कंटेनर पलटने से कार उसके नीचे दब गई। यह देख आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, मगर कार नीचे दबे होने के कारण कुछ नहीं कर पाए। हादसे की सूचना मिली तो आशाराेडी व आईएसबीटी चौकी और पटेलनगर व क्लेमेंटटाउन थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। फायर सर्विस की आपदा प्रबंधन यूनिट भी कटर व रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई। चूंकि, कार कंटेनर के नीचे दबकर पूरी तरह पिचक चुकी थी, लिहाजा उसमें फंसे लोगों को तत्काल नहीं निकला जा सका।

 

पुलिस ने विशाल क्रेनों को मौके पर मंगवाकर किसी तरह कंटेनर को उठाया। इसके बाद कार को कटर से काटा गया। कार में 6 वर्षीय बालक माहिर कपूर सुरक्षित मिला। पुलिस ने उसे निकाल कर तत्काल मेडिकल टीम को सौंपा। इसके बाद अन्य लोगों को निकालकर कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 63 वर्षीय किरण कपूर, उनके 38 वर्षीय पुत्र विश्वेश कपूर व पुत्रवधू ⁠निशा आनंद कपूर के रूप में हुई है। चौथे मृतक की शिनाख्त नीरज के तौर पर हुई है, जो कार का चालक था। हादसे का शिकार कपूर परिवार सहारनपुर की गोकुलधाम कॉलोनी में रहता था। विश्वेश के छोटे भाई सपरिवार देहरादून में रहते हैं। विश्वेश परिवार छोटे भाई के यहां ही आ रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *