आपदा प्रबंधनऑपरेशंसहिमस्खलन

केदारताल ट्रेक पर लापता दल के 2 सदस्यों के शव मिले, अन्य 6 की तलाश में बुधवार सुबह फिर शुरू होगा अभियान

उत्तरकाशी। केदारताल ट्रेक पर खराब मौसम और भारी हिमपात के बीच फंसने के बाद लापता हुए आठ सदस्यीय दल के दो सदस्यों के शव मंगलवार को बर्फ में दबे मिल गए। सर्चिंग टीम को ट्रेकिंग दल का टेंट व राशन समेत कुछ अन्य समान बर्फ में दबे मिले हैं। इस बीच, हिमपात प्रभावित ट्रेक पर अस्थायी हेलीपैड तैयार कर लिया गया है।

उत्तरकाशी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 30 अक्टूबर को 6 बजकर 39 मिनट पर सोल सीकर ट्रेकिंग एजेंसी के संचालक ने सूचना दी कि गंगोत्री से केदारताल ट्रेकिंग के लिए एक दल रवाना हुआ था। वापसी के दौरान भारी हिमपात व एवलांच के बीच फंस कर 7 ट्रेकर्स व 1 गाइड समेत कुल 8 सदस्य लगभग 4,000 मीटर की ऊंचाई पर लापता हो गए हैं। इस सूचना के बाद एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की संयुक्त टीम लगातार तलाश में जुटी है।

 

परिचालन केंद्र के अनुसार, मंगलवार सुबह 7:30 बजे से उक्त टीम ने उस लोकेशन और आसपास के संभावित क्षेत्रों में पुनः सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जहां ट्रेकिंग दल की लोकेशन आखिरी बार मिली थी। सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम को एक महिला व एक पुरुष के शव बर्फ में दबे मिले, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया गया है। बरामद शवों की पहचान नहीं हो पाई है। केंद्र के अनुसर, अपराह्न 3 बजे सर्च ऑपरेशन समाप्त करके टीम बेस कैंप लौट आई है। अब बुधवार सुबह पुनः सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *