बदरीनाथ से देहरादून के लिए उड़ा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर जोशीमठ में लापता, पायलट समेत 6 लोग हैं सवार
जोशीमठ। बदरीनाथ से यात्रियों को लेकर देहरादून के सहस्रधारा स्थित हेलीपोर्ट के लिए उड़ा ट्रांस भारत एविएशन प्रा. लि. का हेलीकॉप्टर (VT-HCX) यहां चाईं गांव और हाथीपर्वत के बीच पहाड़ियों में लापता हो गया। इसकी सूचना मिलते ही चमोली से लेकर देहरादून तक हड़कंप मच गया। हेलीकॉप्टर में पायलट और पांच यात्री सवार बताए गए हैं। एसडीआरएफ, सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और जोशीमठ पुलिस के जवान हेलीकॉप्टर की तलाश में जुटे हैं।
हेलीकॉप्टर की लोकेशन चाईं गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास जंगलों में मिली है। यूकाडा के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा के लिए दोपहर 1:14 बजे उड़ान भरी। उड़ान भरने के कुछ ही देर के भीतर हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। उस वक्त वह जोशीमठ घाटी के ऊपर से उड़ रहा था।
युकाडा ने अगले आदेशों तक एहतियात के तौर पर मेसर्स ट्रांस भारत एविएशन प्रा. लि. के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी है। हेलीकॉप्टर को पायलट कैप्टन हिमांशु उड़ा रहे थे। इसमें यात्री प्रथापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एचएस नटराज सवार बताए गए हैं। ये सभी बंगलौर के रहने वाले हैं। देहरादून में युकाडा के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि हेलीकॉप्टर की तलाश जारी है।

