हरिद्वार में तड़के 4 बजे स्लीपर और लक्जरी बसों की ताबड़तोड़ चेकिंग, 5 बसें सीज और 5 की फिटनेस रद्द की, 50 का किया चालान
हरिद्वार। जिले में शुक्रवार तड़के 4 बजे सड़कों पर उतरी अधिकारियों की टीम ने ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान चलते हुए स्लीपर व लग्जरी बसों में सुरक्षा व्यवस्था, निर्धारित तकनीकी मानकों और परमिट शर्तों के अनुपालन की पड़ताल की। इस दौरान गंभीर तकनीकी व सुरक्षा संबंधी खामियां मिलने पर 5 बसों को सीज कर दिया गया, जबकि 5 अन्य के फिटनेस प्रमाण पत्र रद्द करने की संस्तुति की गई। वहीं, अन्य गड़बड़ियों पर 50 से ज्यादा वाहनों के चालान किए गए।
हरिद्वार के एआरटीओ निखिल शर्मा ने बताया कि एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में संचालित किए गए अभियान में सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन भी सम्मिलित रहे। अभियान के दौरान विशेष रूप से उन स्लीपर व लग्जरी बसों को लक्षित किया गया, जिनमें निर्धारित स्वीकृत संरचना के विपरीत परिवर्तन किए जाने, परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने अथवा यात्री सुरक्षा से संबंधित आवश्यक मानकों का अनुपालन न किए जाने की आशंका थी। प्रवर्तन दल ने वाहनों की तकनीकी स्थिति, आपातकालीन निकास व्यवस्था, वाहन की संरचना, निर्धारित सुरक्षा उपकरणों व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की पड़ताल की।
वहीं, एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने बताया कि स्लीपर व लग्जरी बसों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर व प्रभावी रूप से संचालित किया जाएगा। परिवहन विभाग का लक्ष्य है कि हरिद्वार जिले की सीमा में प्रवेश करने वाली प्रत्येक स्लीपर व लग्जरी बस की जांच सुनिश्चित की जाए और कोई भी ऐसी बस बिना जांच के जिले से न गुजर सके। उन्होंने बताया कि इसके लिए विभिन्न मार्गों व प्रवेश स्थलों पर औचक चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे।

