’विरासत’ आज से, प्रत्येक व्यक्ति से ली जाएगी 50 रूपये एंट्री फीस, ऑडिटोरियम में कलाकारों की प्रस्तुतियां देखने के लिए चुकाने होंगे 500 रूपये तक
देहरादून। दूनघाटी में हर साल दीपावली से पूर्व होने वाला 15 दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘विरासत’ आज (शुक्रवार) से आरंभ हो रहा है। पिछले तीन दशक से हो आ रहे ‘रिच’ के इस आयोजन में इस बार दो बड़े बदलाव हो रहे हैं। एक, इस बार विरासत कौलागढ़ रोड स्थित डॉ. बीआर अंबेडकर स्टेडियम में नहीं, बल्कि गढ़ी-कैंट क्षेत्र के नींबूवाला स्थित हिमालयन कल्चरल सेंटर में आयोजित किया जा रहा है।
दूसरा, इस बार विरासत परिसर में प्रवेश करने के लिए प्रति व्यक्ति 50 रूपये और ऑडिटोरियम में होने वाली प्रस्तुतियों के लिए 300 रूपये व 500 रूपये चुकाने होंगे। जबकि, पूरे 15 दिन का टिकट 6 हजार और साढ़े 3 हजार रूपये होगा। आयोजकों के अनुसार, फीस लेने संबंधी यह फैसला ‘पब्लिक डिमांड’ पर किया गया है, जिसका मकसद गैर-जरूरी भीड़ को नियंत्रित करना भी है।
ऊषा उत्थुप की प्रस्तुति के साथ 6 नवंबर को समाप्त होगा 15 दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव
विरासत आर्ट एंड हेरिटेज फेस्टिवल-2026 का औपचारिक उद्घाटन शुक्रवार शाम 7 बजे होगा। रिच के संस्थापक आरके सिंह के अनुसार, छोलिया नृत्य और उप्रेति सिस्टर्स के मांगल गायन के साथ ही पं. साजन मिश्रा और स्वरांश मिश्रा की प्रस्तुति से आरंभ हो रहे विरासत का समापन 6 नवंबर को प्रख्यात गायिका ऊषा उत्थुप लाइव से होगा।
उन्होंने कहा कि हिमालयन कल्चरल सेंटर के ऑडिटोरियम में कुल 29 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही थिएटर फेस्टिवल भी शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमालयन कल्चरल सेंटर के विशाल परिसर में आयोजित होने वाला विरासत महोत्सव दर्शकों को खरीदारी के साथ-साथ क्षेत्रीय व राष्ट्रीय लोक कलाओं का आनंद लेने का अनूठा अनुभव प्रदान करेगा।


