आपदा प्रबंधनऑपरेशंस

गंगा में अचानक उफान से टापू पर फंसे 35 लोग, एसडीआरएफ ने जल पुलिस और पीएसी के साथ सभी को रेस्क्यू किया

हरिद्वार। भीमगोड़ा बैराज से अचानक पानी छोड़े जाने के कारण गंगा में उफान आ गया। इसके चलते 35 लोग नदी पर टापू में फंस गए। सूचना पाकर पहुंची एसडीआरएफ ने जल पुलिस व पीएसी के साथ राफ्ट की मदद से सभी लोगों को रेस्क्यू कर लिया।

शनिवार सुबह भीमगोड़ा बैराज से गंगा में पानी का प्रवाह बढ़ने के कारण दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग के पीछे एक टापू पर 35 लोग फंस गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपदा कंट्रोल रूम से एसडीआरएफ की मदद मांगी गई। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ ने जल पुलिस और पीएसी की 40वीं वाहिनी के आपदा राहत दल के साथ संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। टीमों ने बढ़ते जलस्तर के बीच त्वरित कार्रवाई करते हुए टापू पर फंसे सभी 35 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। संयुक्त टीमों की तत्परता व कुशल रेस्क्यू ऑपरेशन से बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *