गंगोत्री जा रहे गुजरात के यात्रियों की इनोवा गंगनानी के समीप नदी में गिरी, 4 की मौत, 1 को गंभीरावस्था में एयरलिफ्ट करके हायर सेंटर भेजा, 2 लापता की तलाश जारी
उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप वीरवार सुबह एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर भागीरथी में जा गिरी। इस दुर्घटना में कार सवार 7 लोगों में से 4 के शव बरामद कर लिए गए हैं। 1 व्यक्ति को गंभीरावस्था में रेस्क्यू किया गया। आरंभिक उपचार के बाद उसे एयरलिफ्ट करके हायर सेंटर भेजा गया है। अन्य 2 लापता लोगों को खोजने के लिए सर्च ऑपरेशन चल रहा है।
उत्तरकाशी प्रशासन के अनुसार, हादसा गंगनानी के समीप धर्मकुंड से कुछ मीटर आगे डबरानी की ओर हुआ। सुबह सवा 7 बजे के आसपास हुए हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बाद में मदद के लिए एनडीआरएफ की यूनिट को भी मौके पर भेज दिया गया।
सर्च एंड रेस्क्यू टीमों को सड़क से काफी नीचे नदी के उफान के बीच बुरी तरह क्षतिग्रस्त इनोवा टैक्सी (यूके 08 टीए 6040) गिरी दिखी। उससे कुछ पहले नदी किनारे 4 शव भी बिखरे पड़े थे। वहीं, 1 घायल भी मिला। रेस्क्यू टीम घायल को अस्पताल और चारों शवों को सड़क पर पहुंचाने के बाद अन्य 2 लापता यात्रियों की तलाश में जुटी हैं।
इनोवा में 7 लोगों के सवार होने की सूचना मिली है, जो गुजरात के रहने वाले बताए गए हैं। ये सभी लोग इनोवा में सवार होकर उत्तरकाशी से गंगोत्री के लिए निकले थे। दो लोगों के नदी के बहाव में बहने की आशंका को देखते हुए उनकी तलाश में जल पुलिस और गोताखोर नदी के तेज बहाव के बीच व्यापक सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, मृतकों की शिनाख्त 49 वर्षीय पटेल अशोकबेन व 19 वर्षीय रूतिका अशोकभाई पटेल, निवासी 2 फ्लोर, शिवालिक रेजिडेंसी, ललिता चौकड़ी, सूरत सिटी (गुजरात), 32 वर्षीय धनश्यामभाई सरवालिया, निवासी, गुजरात और हरिद्वार निवासी टैक्सी चालक सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वहीं, शिवालिक रेजिडेंसी, सूरत सिटी (गुजरात) गंभीर रूप से घायल है। इनके अलावा 45 वर्षीय पटेल सुदाबेन अशोकभाई निवासी शिवालिक रेजिडेंसी, ललिता चौकड़ी, कटारगम, सूरत सिटी, (गुजरात)और 34 वर्षीय पटेल किरनबेन विशालभाई निवासी सरवालियाना चौरा पासे, सायला, सुरेंद्र नगर (गुजरात) लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

