उत्तराखंडदेश-दुनियामुद्दाराजनीति

संसद में होगी गूंज: उत्तराखंड के संगठनों की आवाज राष्ट्रीय फलक पर उठाएंगे राहुल गांधी

नई दिल्ली। अब तक उत्तराखंड के बेरोजगारों, युवाओं और कर्मचारियों के जिन मुद्दों की गूंज सड़कों पर सुनाई देती थी, वही अब संसद में भी सुनाई दे सकती है। यह आश्वासन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के चार प्रमुख संगठनों के प्रतिनिधियों को दिया है।

बडे़ घटनाक्रम में राहुल से मिले उत्तराखंड बेरोजगार संघ, पुरानी पेंशन बहाली मोर्चा, नर्सिंग मंच व उपनल कर्मी

शुक्रवार को एक बड़े घटनाक्रम में उत्तराखंड बेरोजगार संघ, पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा, नर्सिंग एकता मंच व उपनल कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी से उनके 10 जनपथ स्थित आवास में मुलाकात की। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में इन संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों की राहुल गांधी से वार्ता हुई। प्रतिनिधिमंडलों ने उनके समक्ष बेरोजगार युवाओं, कर्मचारियों, संविदा कर्मियों व नर्सिंग बेरोजगारों के मुद्दों, समस्याओं और मांगों को विस्तार से रखा।

नकल माफिया पर नकेल में विफलता और सीबीआई जांच की लचरता से अवगत कराया बेरोजगार संघ ने

उत्तराखंड बेरोजगार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने राहुल गांधी से युवाओं से जुड़े रोजगार के मुद्दों, भर्ती परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता व निष्पक्षता को लेकर लंबे समय से किए जा रहे संघर्ष सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें अवगत कराया कि बेरोज़गार संघ के संघर्ष के पश्चात उत्तराखंड में अस्तित्व में आए सख्त नकल-विरोधी कानून के अंतर्गत अब तक कई नकल माफिया को जेल भेजे जाने के बावजूद लचर पैरवी के चलते जेल से बाहर आ गए। साथ ही भर्ती परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं की सीबीआई जांच की संस्तुति के बावजूद अब तक उसके ठोस परिणाम सामने नहीं आए हैं।

उत्तराखंड के बेरोज़गार युवाओं की आवाज अब देश की संसद तक पहुंचेगी : कंडवाल

संघ के अनुसार, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के युवाओं की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और भरोसा दिलाया कि उनसे जुड़े इन सभी महत्वपूर्ण मुद्दों को वह संसद में पुरजोर तरीके से उठाएंगे। प्रतिनिधिमंडल में उत्तराखंड बेरोज़गार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल, उपाध्यक्ष सुरेश सिंह, प्रवक्ता नितिन बुडाकोटी व मीडिया प्रभारी बिट्टू वर्मा शामिल रहे। अध्यक्ष कंडवाल ने उम्मीद जताते हुए कहा कि उत्तराखंड के बेरोज़गार युवाओं की आवाज अब देश की संसद तक पहुंचेगी।

नर्सिंग बेरोजगारों ने भी सरकार की वादाखिलाफी और भेदभाव पूर्ण नीति की दी जानकारी

वहीं, नर्सिंग एकता मंच के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड में नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया में हो रही अनियमितताओं, भर्ती नियमावली में बार-बार किए जा रहे बदलाव व नर्सिंग अभ्यर्थियों के साथ वादाखिलाफी के मुद्दे को राहुल के समक्ष उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें बताया कि बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थी पिछले 252 दिन से देहरादून में धरना-प्रदर्षन कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से सिर्फ कोरे आश्वासन ही मिले। सरकार ने वर्षवार व वरिष्ठता के आधार पर नियुक्ति की मांग पर वादाखिलाफी करते हुए नर्सिंग अधिकारी भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित कर दी। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र सरकार की ओर से नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती में लागू 80 प्रतिशत महिला व 20 प्रतिशत पुरुष के प्रावधान को लेकर भी अपनी चिंता कांग्रेस नेता राहुल के समक्ष रखी और लिंग के आधार पर इस तरह के भेदभाव को समाप्त कराने के लिए हस्तक्षेप का आग्रह किया। मंच के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष नवल पुंडीर, राजेंद्र कुकरेती, प्रवेश रावत, शिरा बधानी, उपेंद्र व कविता पुंडीर आदि पदाधिकारी शामिल रहे।

पुरानी पेंशन की बहाली और उपनल कर्मियों के नियमितीकरण का मुद्दा भी उठा, राहुल बोले- कांग्रेस के घोषणा-पत्र में करेंगे शामिल

पुरानी पेंशन बहाली मोर्चा ने जहां कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली के लिए संसद के माध्यम से आवाज उठाने का आग्रह किया, वहीं उपनल कर्मचारियों प्रतिनिधिमंडल ने नियमितीकरण व सेवा संबंधी समस्याओं को उनके समक्ष रखा। राहुल ने सभी प्रतिनिधिमंडलों की समस्याओं व मांगों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने कहा कि इन विषयों का विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा और कर्मचारियों, युवाओं व बेरोजगारों से संबंधित आवश्यक व महत्वपूर्ण मांगों को कांग्रेस के आगामी घोषणा-पत्र में शामिल किया जाएगा। उनसे मिलने वाले राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल में बीपी सिंह रावत, विकन सिंह रावत, मनोज अवस्थी, सीताराम पोखरियाल, अनीता विश्वकर्मा व मक्खन लाल शाह और उपनल कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष विनोद गोदियाल, कार्यकारी अध्यक्ष महेश भट्ट, प्रदेश महामंत्री विनय प्रसाद, हरीश कोठारी, अजय डोबरियाल, विजय राम शर्मा आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *