पीपलकोटी टनल हादसे में लापता श्रमिक का शव मलबे से मिला, दो अन्य की तलाश जारी, टीएचडीसी ने की आर्थिक मदद की घोषणा
चमोली/ऋषिकेश। पीपलकोटी में बीते वीरवार को टीएचडीसी की विष्णुप्रयाग-पीपलकोटी हाइड्रो प्रोजेक्ट की टनल धसने से हुए हादसे के के बाद से लापता श्रमिक का शव घटना के तीसरे दिन शनिवार को मलबे में दबा मिला। अभी दो और श्रमिक मलबे में लापता है, जिनकी तलाश की जा रही है। इस बीच, टीएचडीसी प्रबंधन ने प्रत्येक मृतक के परिवार को 5 लाख रूपये और घायलों को एक-एक लाख रूपये की मदद देने की घोषणा की है। शनिवार को आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया।
करीब 3 किलोमीटर लंबी टनल के 1.5वें किमी. में वीरवार शाम अचानक टनल धसने से धमाके के साथ टनों मलबा, कीचड और पानी भर गया। घटना के वक्त वहां काम कर रहे एचसीसी के श्रमिक इसकी चपेट में आ गए। मौके पर उस वक्त 28 श्रमिक होने की बात कही जा रही थी, लेकिन अब सरकारी तौर पर ‘लगभग’ 22 श्रमिक उस वक्त वहां मौजूद बताए जा रहे हैं। इनमें 12 श्रमिकों को घायलावस्था में निकाला गया। इनमें 11 घायलों का गोपेश्वर स्थित जिला अस्पताल और एक का एम्स ऋषिकेश उपचार चल रहा है। वहीं, टनल से वीरवार मध्य रात्रि तक 7 श्रमिकों के शव मलबे से निकाले जा चुके थे। 3 श्रमिकों के बारे में कुछ पता नहीं चल पा रहा था।
शनिवार को निरीक्षक करण सिंह के नेतृत्व में टनल के भीतर लगातार सर्च एंड रेस्क्यू अभियान जुटी एसडीआरएफ टीम को एक और श्रमिक का शव मलबे से मिल गया, जिसे निकालकर पुलिस को सौंप दिया गया। मृतक की शिनाख्त छतीसगढ़ निवासी देवनाथ के तौर पर हुई है। अभी दो और श्रमिक लापता है, जिनकी तलाश में एसडीआरएफ-एनडीआरएफ और पुलिस जुटी है। तकनीकी उपकरणों की मदद से टनल में संभावित स्थानों पर सर्चिंग की जा रही है।
टनल के भीतर मौजूद पानी की निकासी का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। इसके लिए सक्शन पंप सहित अन्य आवश्यक उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है, ताकि रेस्क्यू टीमों की आवाजाही सुगम हो सके और संभावित स्थानों तक पहुंचकर लापता श्रमिकों की तलाश की जा सके।
प्रत्येक मृतक के परिवार को 5 लाख और घायलों को 1-1 लाख की अनुग्रह राशि देगा टीएचडीसी
इस बीच, टीएचडीसी प्रबंधन ने मृतकों के परिवारों और घायलों के लिए आर्थिक मदद की घोषणा की है। प्रबंधन ने कहा कि विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टेल रेस टनल (टीआरटी ) में 13 अगस्त को हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के दृष्टिगत टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की ओर से प्रत्येक मृतक श्रमिक के निकटतम परिजन को 5 लाख और प्रत्येक घायल श्रमिक को 1 लाख रूपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जायेगी। प्रबंधन ने इस दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा शोक व दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत श्रमिकों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं प्रकट करता हैं। इस कठिन व पीड़ादायक समय में टीएचडीसीआईएल प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता व प्रतिबद्धता के साथ खड़ा है और उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।

