कुमाऊं मंडलउत्तराखंडगढ़वाल मंडलमौसम

देहरादून-टिहरी और पौड़ी के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी, कुमाऊं मंडल में हुई भारी से बहुत भारी बारिश, गढ़वाल मंडल भी तर-ब-तर

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार जारी बारिश ने मानसून की विदाई पर फिलहाल ब्रेक लगा दिया है। शुक्रवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार को लगातार जारी रहा। कुमाऊं मंडल के लिए भारी से अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया था, जिसके अनुरूप पूरे कुमाऊं में झमाझम बरसात हो रही है। गढ़वाल के अधिकांश स्टेशनों पर भी दिनभर में अच्छी वर्षा मिली है। रविवार को गढ़वाल मंडल में भारी से अत्यंत भारी बारिश का पूर्वानुमान है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी और पौड़ी जिले में रेड अलर्ट और प्रदेश के शेष सभी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मानसून की विदाई की बेला पर अचानक इन वजहों ने बदला उत्तराखंड में मौसम का मिजाज

उत्तराखंड में मानसून की विदाई आमतौर पर 25 सितंबर से शुरू हो जाती है और सामान्य परिस्थितियों में यह 30 सितंबर तक प्रदेश से लगभग पूरी तरह विदा हो जाता है। किंतु इस बार मानसून की विदाई से ऐन पहले विभिन्न मौसमी प्रणालियों के एकाएक सक्रिय होने के कारण देश के कई हिस्सों समेत उत्तराखंड को बारिश मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण ओड़िसा और उससे सटे दक्षिण छतीसगढ़ के ऊपर बना ‘अवदाब’ (डिप्रेशन) तेजी से उत्तर और उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। आगे इसके कमजोर होकर ‘अच्छी तरह से चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र’ (वेल-मार्क्ड लो प्रेशर एरिया) में तब्दील होने की संभावना है। इनके अतिरिक्त एक ‘पश्चिमी विक्षोभ’ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) भी ठीक इसी समय सक्रिय है। ये सभी परिस्थितियां मानसून के जाते-जाते झमाझम बरसात की वजह बनी हैं।

चंपावत जिले में 24 घंटों के दौरान सामान्य से 2,538 और ऊधमसिंह नगर में 1,376 प्रतिशत ज्यादा बारिश

प्रदेश में शनिवार सुबह 8ः30 बजे तक गुजरे 24 घंटों के दौरान सामान्य से 406 प्रतिशत ज्यादा वर्षा हुई है। चंपावत जिले में सामान्य से सबसे ज्यादा 2,538 प्रतिशत और ऊधमसिंह नगर जिले में 1,376 प्रतिशत पानी इस अवधि में बरसा। नैनीताल जिले में सामान्य से 727 प्रतिशत, पिथौरागढ़ जिले में 615 प्रतिशत, अल्मोड़ा जिले में 517 प्रतिशत और बागेश्वर जिले में 512 प्रतिशत ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई। उक्त अवधि के दौरान गढ़वाल मंडल में चमोली जिले में सामान्य से 434 प्रतिशत ज्यादा वर्षा हुई। मंडल के अन्य सभी जिलों में सुबह 8ः30 बजे तक सामान्य से कम बारिश ही मिली।

बनबसा में हुई भारी से बहुत भारी बरसात, दिनभर में राज्य के 13 स्थानों पर भारी और 75 से ज्यादा स्टेशनों पर मध्यम वर्षा दर्ज

भारत मौसम विज्ञान विभाग के देहरादून केंद्र के अनुसार, चंपावत जिले के बनबसा में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज हुई। यहां सुबह 8ः30 बजे तक बीते 24 घंटों में कुल 130 मिलीमीटर बारिश मिली, जो प्रदेश में उक्त अवधि की सर्वाधिक मात्रा है। इसके अलावा टनकपुर (113 एमएम), बनबसा (102 एमएम), खटीमा (95 एमएम), चंपावत (88 एमएम), लोहाघाट (80 एमएम), पंचेश्वर (70 एमएम), पाटी (68.5 एमएम), चलथी (67.5 एमएम), पिथौरागढ़ (65.2 एमएम) और किच्छा (64.5 एमएम) आदि 10 स्टेशनों पर रेन गेज को भारी बारिश मिली। इसके साथ ही 40 से ज्यादा स्टेशनों पर मध्यम वर्षा दर्ज हुई। इनमें गढ़वाल मंडल के दो-तीन स्टेशन के अतिरिक्त अन्य सभी कुमाऊं मंडल के हैं। इसी तरह शनिवार सुबह 8ः30 बजे से शाम 5ः30 बजे के बीच कुमाऊं में 13 स्थानों पर भारी बारिश दर्ज हुई। जबकि गढ़वाल और कुमाऊं के 75 के आसपास स्टेशनों पर दिनभर में मध्यम वर्षा (21 से 63 मिलीमीटर के बीच) हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *