राजधानीराजकाजस्वास्थ्य

दून में नामी होटलों समेत कई प्रतिष्ठानों में खाद्य संरक्षा टीमों की छापेमारी, गंदगी और अन्य गड़बड़ियों पर तीन रेस्टोरेंट कराए बंद

देहरादून। राजधानी में दूध, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में छापेमारी की। इस दौरान तीन रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर उन्हें बंद करा दिया गया। दूध और पनीर समेत कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।

खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीमों ने होटल, रेस्टोरेंट, दुग्ध प्रतिष्ठानों और अन्य खाद्य कारोबारियों के यहां यह छापेमारी की। खासतौर पर पनीर, दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता और इनके वास्तविक स्रोत पर फोकस किया गया। विभाग के अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि अभियान के तहत होटल मधुवन, जेएसआर और फाइव स्टार होटल सरोवर पोर्टिको के किचन व स्टोर की भी चेकिंग की गई। यहां खाद्य सामग्री के स्रोत, खरीद के बिल, लेबलिंग, बैच नंबर, निर्माण तिथि और पैकेजिंग की जांच की गई। इस दौरान स्टोर में रखी पैक्ड इमली की लेबलिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर निर्माता को नोटिस जारी किया गया। साथ ही तैयार दाल के दो और चीज का एक नमूना जांच के लिए लिया गया।

उन्होंने बताया कि राजपुर रोड स्थित वन विभाग कार्यालय के बाहर संचालित रेस्टोरेंटों में भी टीम ने छापेमारी की। यहां दो रेस्टोरेंट के किचन में अत्यधिक गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियां मिलीं। खाद्य सुरक्षा मानकों में सुधार होने तक इन्हें बंद रखने के निर्देश दिए गए। एक रेस्टोरेंट से खुले पनीर का नमूना लेकर उसके वास्तविक घटकों और गुणवत्ता की जांच शुरू की गई। वहीं एक अन्य प्रतिष्ठान में मौके पर वैध खाद्य लाइसेंस उपलब्ध नहीं था और किचन में भी गंभीर गंदगी मिली। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर राजीव पुत्र दरबारी लाल, गढ़वाल भोजनालय और लजीज काठी रोल नामक तीन रेस्टोरेंटों को मौके पर बंद कराया गया।

अपर आयुक्त जग्गी के अनुसार, सुबह नगर निगम के वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह के नेतृत्व में एक अन्य टीम ने नेहरूग्राम और छह नंबर पुलिया क्षेत्र के दुग्ध प्रतिष्ठानों में छापेमारी की। संदेह के आधार पर मौके से दूध और पनीर का एक-एक सैंपल लिया गया, जिसे प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। अन्य टीमों में उपायुक्त (गढ़वाल) राजेंद्र रावत, सहायक आयुक्त (देहरादून) मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह और संजय तिवारी आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *