गैस उपभोक्ता 15 अगस्त तक करा लें ई-केवाईसी नहीं तो पड़ जाएंगे घरेलू गैस सिलेंडर के लाले
देहरादून। जिले में घरेलू गैस उपभोक्ताओं को 15 अगस्त तक अनिर्वाय रूप से ई-केवाईसी करानी होगी। उक्त तिथि तक ऐसा न करने वाले उपभोक्ताओं को आगे गैस सिलेंडर की आपूर्ति में समस्या का सामना करना पड़ सकता है। गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर ई-केवाईसी कराने की अपील की है।
तय समय के भीतर ई-केवाईसी न कराने वालों को घरेलू रेट पर नहीं, कमर्शियल रेट पर मिलेगा सिलेंडर
गैस कंपनियों के अनुसार, ई-केवाईसी पूरी न होने पर संबंधित कनेक्शन को निष्क्रिय की श्रेणी में रखा जा सकता है। ऐसे उपभोक्ताओं को घरेलू श्रेणी के तहत मिलने वाले लाभ प्रभावित हो सकते हैं और उन्हें गैस सिलेंडर के लिए व्यावसायिक श्रेणी के सिलेंडर की दरों के अनुसार पैसा देना पड़ सकता है। गैस कंपनियों के अनुसार, घरेलू गैस कनेक्शनों का आधार आधारित सत्यापन कराए जाने का उद्देश्य गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाना और फर्जी व डुप्लीकेट कनेक्शनों की पहचान करना है। इसके साथ ही वास्तविक उपभोक्ताओं का रिकॉर्ड अपडेट करने और सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। पीएनजी और एलपीजी दोनों प्रकार के कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ताओं का डाटा भी इस प्रक्रिया के माध्यम से बेहतर तरीके से चिह्नित किया जा सकेगा।
एजेंसी जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन या एप और अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म से भी कराई जा सकती है ई-केवाईसी
इस बीच, जिलापूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि गैस एजेंसी संचालकों और गैस कंपनियों के अधिकारियों की ओर से उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उपभोक्ताओं से अपील की जा रही है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी पूरी करा लें। जिलापूर्ति अधिकारी ने बताया कि उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके अलावा कई गैस कंपनियों ने अपने मोबाइल एप और अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध कराई है। घर-घर सिलेंडर पहुंचाने वाले डिलीवरी कर्मियों के माध्यम से भी ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है।

