गढ़वाल मंडलमुद्दाराजनीति

दून अस्पताल की व्यवस्थाओं के ढीले पेच कसने के लिए निदेशक ने किया निरीक्षण, अधिकारियों की बैठक भी ली

देहरादून। निदेशक (चिकित्सा शिक्षा) प्रोफेसर (डॉ.) आशुतोष सायना ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल का ब्लॉकवार निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाओं, मरीजों की सुविधा, स्वच्छता, स्टाफ की कार्यप्रणाली, आपातकालीन सेवाओं, वार्ड प्रबंधन व विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का बारीकी से जायजा लिया गया।

निरीक्षण के पश्चात उन्होंने सुपरस्पेशलिटी, क्लिनिकल, पैराक्लिनिकल, नर्सिंग, फार्मेसी, रेडियोडायग्नोसिस व ब्लड बैंक सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों, प्रोफेसरों और एसोसिएट प्रोफेसरों के साथ बैठक की। इसमें कॉलेज की डीन व प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) गीता जैन ने अस्पताल व कॉलेज स्तर पर मरीजों और स्टूडेंट्स के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। इनमें न्यू सीएसएसडी ब्लॉक, नए 500 बेड अस्पताल ब्लॉक, इमरजेंसी ओटी केयर सर्विसेज, ओपीडी व आईपीडी सेवाओं का उन्नयन, स्किल सेंटर और नए सुपरस्पेशलिटी कार्यक्रम प्रमुख हैं। चिकित्सकों व स्टाफ की सुरक्षा के लिए चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर (डॉ.) रविंद्र सिंह बिष्ट के माध्यम से अतिरिक्त सुरक्षा बल बढ़ाने व नए सीसीटीवी कैमरों की स्थापना सहित किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी गई।

निदेशक डॉ. सयाना ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मरीजों को किसी भी स्तर पर अनावश्यक परेशानी, देरी अथवा लापरवाही का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने अधिकारियों व विभागाध्यक्षों को चेताया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने वार्ड बॉय, सफाई कर्मचारियों व सहायक कर्मचारियों के लिए सख्त रोटेशन नीति लागू करने और निर्धारित कार्यक्षेत्र में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किए कि कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से इधर-उधर घूमने की अनुमति नहीं होगी तथा मरीजों को शिफ्ट करने अथवा जांच के लिए ले जाने जैसे अधिकृत कार्यों के दौरान ही कार्यक्षेत्र से बाहर जाने की व्यवस्था होगी। मरीजों को रिपोर्ट के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े, इसके लिए अधिकतम संभव सीमा तक डिजिटल रिपोर्टिंग व अधिकृत डिजिटल संचार माध्यमों का उपयोग करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।

बैठक में उप चिकित्साधीक्षक (प्रशासन) डॉ. विनम्र मित्तल, उप चिकित्साधीक्षक (ओटी, आईसीयू व इमरजेंसी) डॉ. शोभा वी., उप चिकित्साधीक्षक डॉ. अमित कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी महेंद्र भंडारी, पेशेंट कोऑर्डिनेटर संदीप राणा, जनसंपर्क अधिकारी विनोद नैनवाल व दिनेश रावत भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *