ऑपरेशंसउत्तराखंडदुर्घटना

पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर बोलेरो खाई में गिरी, हरिद्वार निवासी एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

पौड़ी। देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर शुक्रवार पूर्वाह्न 11:30 बजे एक वाहन सड़क से 250 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में हरिद्वार निवासी ठेकेदार, उसकी पत्नी, दो बच्चों और छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि उसका एक पुत्र गंभीर रूप से घायल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना देवप्रयाग पर पूर्वाह्न 11:30 बजे सूचना मिली कि पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर कुंडधार के निकट एक वाहन सड़क से नीचे खाई में गिर गया है। सूचना प्राप्त होते ही थाना देवप्रयाग पुलिस व एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मौके पर रेस्क्यू टीमों ने पाया कि वाहन संख्या UK08 BL 0387 (बोलेरो) अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया था।

वाहन में एक ही परिवार के कुल 6 लोग सवार थे, जिसमें से 5 लोगों की मृत्यु हो गई है। इनके अतिरिक्त घायल अरमान पुत्र अफजल निवासी रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर (हरिद्वार) का रेस्क्यू कर बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की शिनाख्त अफजल (49 वर्ष) पुत्र अकबर सूफी, शब्बो (40 वर्ष) पत्नी अफजल, अन्नाविया ( 3 वर्ष) पुत्री अफजल, शादाब (14 वर्ष) पुत्र अफजल व गुफरान (34 वर्ष) पुत्र अकबर, सभी निवासी रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर (हरिद्वार) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अफजल पौड़ी में ठेकेदारी रहा था और शुक्रवार सुबह अपने परिवार को घुमाने पौड़ी की ओर ला रहा था। गाड़ी अफजल स्वयं चला रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *