रायपुर थाना क्षेत्र में दिन-दहाड़े तिहरे हत्याकांड से दहशत, घर में घुसे बदमाश ने वृद्ध दंपति को पेचकश से गोदा, बचाने आई नौकरानी को भी उतारा मौत के घाट
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्रांतर्गत विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार को दिन-दहाड़े हुए तिहरे हत्याकांड से दहशत फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हत्यारे ने वृद्ध दंपति को पेचकश से गोद कर मौत के घाट उतार दिया। चीख-पुकार सुनकर बगल के घर से बचाने आई नौकरानी की भी हत्यारे ने जान ले ली। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने पलम्बर को हिरासत में लिया है।
बताया गया है कि 80 वर्षीय रमेश कपूर और उनकी पत्नी 76 वर्षीय रजनी कपूर तपोवन-नालापानी क्षेत्र के विष्णु लोक कॉलोनी में रहते थे। वे रायपुर स्थित रक्षा संस्थान से सेवानिवृत थे। उनके बच्चे बाहर रहते हैं। दंपति अपराह्न घर पर ही थे। इसीबीच घर में घुसे बदमाश ने उन पर पेचकश से वार कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोस के घर में काम कर रही बिहार मूल की 55 वर्षीय नौकरानी तिलिया देवी उन्हें बचाने दौड़ी। बदमाश ने उसे भी वार कर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पुलिस तीनों को कोरोनेशन अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात की सूचना पर एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल समेत पुलिस के तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूछताछ की। एसएसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। वह प्लंबर का काम करता है। उससे पूछताछ की जा रही है।

