बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ का विस्तार हरिद्वार, वेरावल और ओखा के लिए एसी एक्सप्रेस का होगा संचालन
हरिद्वार। उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को व्यापक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने हरिद्वार को तीन नई ट्रेन दी हैं। रेलवे मंत्रालय ने बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच संचालित गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार करने की मंजूरी दी है। इसके साथ ही हरिद्वार–वेरावल एसी एक्सप्रेस और हरिद्वार–ओखा एसी एक्सप्रेस के संचालन की भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र के माध्यम से यह जानकारी दी है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक, पर्यटन व आर्थिक गतिविधियों को गति देने में बेहतर रेल कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण भूमिका है। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में रेल सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। इससे प्रदेश में आने वाले तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

