Tuesday, November 17, 2026
Latest:
दुर्घटनाउत्तराखंडगढ़वाल मंडल

टिहरी के गूलर बस हादसे में चालक-परिचालक समेत 9 लोग तोड़ चुके दम, 25 घायल ऋषिकेश के अस्पतालों में, सुबह जोशीमठ जा रही बस गिर गई थी नदी में

देहरादून। मंगलवार तड़के हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी बस पुल से अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर नीचे नदी में गिर गई। टिहरी जिले की पावकीदेवी उप तहसील क्षेत्रांतर्गत ऋषिकेश-कीर्तिनगर नेशनल हाईवे पर गूलर में यह हादसा हुआ। बस में सवार 9 यात्रियों की इस दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हैं। मृतकों में बस के चालक व  परिचालक भी शामिल हैं।घायलों को ऋषिकेश स्थित एम्स और शांति प्रपन्न शर्मा राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घायलों में उत्तराखंड के अतिरिक्त झारखंड, बिहार, असम, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बंगाल और मध्य प्रदेश के यात्री शामिल हैं। टिहरी की डीएम नितिका खंडेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉनीटरिंग की। बाद में ऋषिकेश एम्स पहुंचकर उन्होंने घायलों का हाल जाना और चिकित्सकों को उनके बेहतर उपचार के निर्देश दिए।

पुलिस के अनुसार, चौकी गूलर के माध्यम से तड़के 4:50 बजे थाना मुनि की रेती को सूचना प्राप्त हुई कि एक बस गूलर पुल से गूलर गाड (नदी) में गिर गई है। उक्त सूचना पर थाना मुनि की रेती, थाना नरेंद्र नगर, आपदा राहत दल फायर सर्विस नरेंद्र नगर और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंची। शिवपुरी स्थित कैंप से आइटीबीपी की यूनिट भी मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए 108 के साथ ही स्थानीय अस्पतालों, निजी अस्पतालों, एलएंडटी और नवयुग कंपनी की एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल से त्वरित कार्रवाई करते हुए 27 घायलों को तत्काल एम्स अस्पताल ऋषिकेश भिजवाया गया। देहरादून प्रशासन के अनुसार, एम्स लिए गये घायलों में से दो ने दम तोड़ दिया। इसके अतिरिक्त 7 लोगों की मृत्यु घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।

विश्वनाथ सेवा की बस (UK09PA-9779) 34 व्यक्तियों को हरिद्वार से लेकर जोशीमठ जा रही थी। उक्त बस तड़के 3:15 बजे हरिद्वार से जोशीमठ के लिए निकली, जिसे चालक राजेंद्र सिंह पुत्र कुंदन सिंह निवासी क्यूरी पोखरी रुद्रप्रयाग चला रहा था। बस कुछ देर ऋषिकेश में रुकी, जहां अन्य यात्री इसमें सवार हुए। कुछ देर रुकने के बाद पुनः गंतव्य के लिए चली बस प्रातः 4:50 बजे के लगभग ऋषिकेश से करीब 20 किलोमीटर आगे गूलर पुल से करीब 120 फीट नीचे गूलर गाड (नदी) में गिर गई। दुर्घटना स्थल से पीड़ित व्यक्तियों के सामान को सुरक्षा की दृष्टि से चौकी गूलर पर रखवाया गया है।

टिहरी की एसएसपी श्वेता चौबे के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही शिवपुरी, ब्यासी व गूलर चौकी और मुनिकीरेती व नरेंद्र नगर थाने से पुलिस फोर्स के साथ ही फायर सर्विस की टीम को मौके पर एक्टिवेट किया गया। जिस जगह हादसा हुआ, वहां तीव्र मोड़ है। दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है।

वहीं, डीएम नितिका खंडेलवाल के अनुसार, घायलों का एम्स में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों को उनके बेहतर उपचार के लिए कहा गया है। घटनास्थल पर पूरा रेस्क्यू ऑपरेशन तकरीबन दो घंटे में पूरा कर लिया गया।

बस दुर्घटना में इन 9 लोगों की हो गई दुखद मृत्यु

गूलर बस दुर्घटना के इन 25 घायलों का चल रहा उपचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *