एसीपी बहाली मोर्चा के नेताओं ने सचिवों से की मुलाकात, तीन प्रोन्नत वेतनमान मांगे
देहरादून। एसीपी (प्रोन्नत वेतनमान) बहाली संयुक्त मोर्चा ने राज्य कर्मचारियों के लिए पूर्व की भांति 10, 16 व 26 वर्ष की सेवा पर तीन प्रोन्नत वेतनमान (एसीपी) का लाभ बहाल करने की मांग की है। इस संबंध में मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को सचिव (मुख्यमंत्री) विनय शंकर पांडेय और सचिव (कार्मिक) शैलेश बगोली से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने दोनों अधिकारियों को अवगत कराया कि 5 नवंबर को मोर्चे ने मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव से मुलाकात कर इस संबंध में विस्तृत ज्ञापन सौंपा था। उस दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि कर्मचारियों की इस लंबे समय से लंबित मांग पर विस्तार से चर्चा कर समाधान की दिशा में कार्रवाई की जा सके। प्रतिनिधिमंडल ने इस बात पर नाराजगी व्यक्त की कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बावजूद अभी तक शासन स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है और न ही संबंधित कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक आयोजित की गई है। कर्मचारियों की इस महत्वपूर्ण मांग पर लगातार विलंब होने से प्रदेश के कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।
प्रतिनिधिमंडल ने दोनों अधिकारियों से आग्रह किया कि एसीपी बहाली के विषय पर मुख्यमंत्री के साथ कर्मचारी संगठनों की शीघ्र वार्ता कराई जाए, ताकि 10, 16 व 26 वर्ष की सेवा पर पूर्व की भांति तीन प्रोन्नत वेतनमान बहाल करने के संबंध में सकारात्मक निर्णय लिया जा सके। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि एसीपी बहाली संयुक्त मोर्चा की यह एक सूत्रीय मांग है और प्रदेश के कर्मचारियों के हितों से सीधे जुड़ी हुई है। प्रदेश के अनेक विभागों में पदोन्नति के सीमित अवसर होने के कारण कर्मचारी बिना पर्याप्त पदोन्नति के ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं। ऐसे में पूर्व की एसीपी व्यवस्था की बहाली कर्मचारियों के लिए अत्यंत आवश्यक है।
मोर्चा प्रतिनिधिमंडल 27 नवंबर को राजधानी देहरादून में परेड ग्राउंड से सचिवालय तक के लिए विशाल रैली के आयोजन का निर्णय पहले ही ले चुका है। प्रतिनिधिमंडल में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष अरुण पांडेय, महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट, उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष आरसी शर्मा, अनिल पंवार, चितरंजन जोशी, मुकेश रमोला, रविंद्र चौहान, गन्ना पर्यवेक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश डबराल व हर्ष जोशी आदि शामिल रहे।

