क्लेमेंटटाउन में ट्रैक्टर ने बहन के साथ पैदल जा रही युवती को कुचला, ग्राफिक एरा में बी.टेक की छात्रा थी वैष्णवी
देहरादून। राजधानी की सड़कों पर पैदल चलना बेहद जोखिमभरा साबित हो रहा है। क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में रविवार रात बड़ी बहन के साथ अपने रूम पर जा रही बी.टेक की छात्रा को पीछे से मिक्सर मशीन लेकर आ रहे ट्रैक्टर ने चपेट में ले लिया। छात्रा को गंभीर घायलावस्था में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
रात पौने 9 बजे चार खंभा चौक के निकट हुआ हादसा, मिक्सर मशीन लेकर जा रहा था ट्रैक्टर चालक
हादसा रात करीब पौने 9 बजे क्लेमेंटटाउन के चार खंभा चौक के निकट हुआ। पुलिस के अनुसार, दिल्ली के पटेलनगर निवासी प्रदीप रावत की 18 वर्षीय छोटी बेटी वैष्णवी अपनी बड़ी बहन कृतिका के साथ यहां क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में रह रही थी। वह ग्राफिक एरा में बी.टेक प्रथम वर्ष में थी। रविवार रात वह बहन कृतिका के साथ रूम पर लौट रही थी। अभी वे चार खंभा चौक के निकट ही पहुंचे थे कि तभी सड़क किनारे पैदल चल रही वैष्णवी को पीछे से मिक्सर मशीन लेकर आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। बताया गया है कि टक्कर लगने से छात्रा ट्रैक्टर के नीचे आ गई। हादसे की सूचना मिलते ही नजदीकी क्लेमेंटटाउन थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से वैष्णवी को गंभीरावस्था में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ट्रैक्टर चालक को क्लेमेंटटाउन पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मिक्सर समेत उसके ट्रैक्टर को भी सीज कर दिया गया है।
राजधानी की सड़कों पर पैदल चलना हुआ बेहद जोखिमभरा, एकदम सड़क किनारे तक दौड़ाते हैं तमाम चालक वाहनों को
गौरतलब है कि राजधानी की सड़कों पर रात के अंधेरे में मिक्सर मशीन लेकर ट्रैक्टर बेहद खतरनाक ढंग से दौड़ते हैं। पीछे लाइट न होने के कारण मिक्सर मशीन अक्सर नजर नहीं आती, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। दून की सड़कों पर केवल ट्रैक्टर ही नहीं, अन्य वाहन भी एकदम किनारे फुटपाथ के करीब तक दौड़ते हैं, जिससे पैदल चलने वालों के लिए हर पल खतरा रहता है। बावजूद इसके, पुलिस ऐसे वाहनों के मामले में आंखें मूंदे ही नजर आती है।

