दुर्घटनाउत्तराखंडराजधानी

थानो रोड पर हाथी के हमले में घायल महिला की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने चक्का जाम कर वन विभाग के खिलाफ किया प्रदर्शन

देहरादून। रायपुर-थानो रोड पर सोमवार शाम हाथी के हमले में घायल महिला ने देर रात दम तोड़ दिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने चक्काजाम करके वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि क्षेत्र में हाथियों की अक्सर आवाजाही होती है, लेकिन वन विभाग स्थानीय आबादी की सुरक्षा के लिए लगातार मांग किए जाने के बावजूद सोलर फेंसिंग से लेकर किसी भी तरह के सुरक्षात्मक उपाय नही ंकर रहा है।

बड़ासी ग्रांट धन्याड़ी निवासी महिला दूध लेकर लौट रही थी घर, अचानक सामने आ गया हाथी

हाथी के हमले की यह घटना उस वक्त हुई, जब बड़ासी ग्रांट ग्राम पंचायत क्षेत्रांतर्गत धन्याडी निवासी 37 वर्षीय अंजली गुप्ता सोमवार शाम 7 बजे के आसपास दूध लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव के पास अचानक आए जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी के हमले में अंजली गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर एकत्र हुए ग्रामीणों ने शोर शराबा करके किसी तरह हाथी को वहां से खदेड़ा और गंभीर घायल अंजली को सीएमआई अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान देर रात अंजली ने दम तोड़ दिया। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने मंगलवार को कांग्रेस नेता मोहित उनियाल की अगुआई में वन विभाग के खिलाफ चक्का जाम कर प्रदर्शन किया।

धन्याड़ी-कालूवाला मार्ग पर नवंबर में दुपहिया सवार मां-पिता के बीच से बच्चे को खींचकर मार डाला था हाथी ने

ग्रामीणों की मांग है कि आबादी वाले क्षेत्रों को हाथी से बचाने के लिए समुचित सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं। उनका कहना था कि सोमवार को ही दिन में धन्याड़ी से कुछ दूर सौड़ा-सरोली में भी हाथी घूमता दिखाई दिया था। गौरतलब है कि पिछले साल 27 नवंबर को कालूवाला-धन्याड़ी मार्ग पर दुपहिया में मां-पिता के बीच बैठे एक 12 वर्षीय बच्चे को भी हाथी ने सूंड से खींचकर जमीन पर पटक दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *