श्रद्धांजलि सभा में श्रमिक संगठनों ने याद किया श्रमिकों के हितचिंतक दिवंगत हीरा सिंह बिष्ट का योगदान
देहरादून। अविभाजित उत्तर प्रदेष विधानसभा में देहरादून नगर का प्रतिनिधित्व करने वाले आखिरी कांग्रेस विधायक, भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पहली निर्वाचित सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे दिवंगत हीरा सिंह बिष्ट को रविवार को कांग्रेसभवन में आयोजित सभा में विभिन्न मजदूर संगठनों के प्रतिनिधियों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा में इंटक, सीटू, एटक सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों व मजदूर नेताओं ने स्व. बिष्ट के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट ने अपने लंबे सार्वजनिक व श्रमिक जीवन में मजदूरों के अधिकारों, उनके हितों और सामाजिक न्याय के लिए निरंतर संघर्ष किया। उन्होंने श्रमिकों को संगठित करने और उनके अधिकारों की आवाज को मजबूती से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उनका निधन श्रमिक आंदोलन और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
वक्ताओं ने कहा कि बिष्ट के संघर्ष, सादगी और मजदूर हितों के प्रति समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा। उनके विचार और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते रहेंगे। सभा के अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा में पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रभु लाल बहुगुणा, स्व. बिष्ट की सुपुत्री विभा बिष्ट, इंटक के वरिष्ठ नेता एपी अमोली, वीरेंदर नेगी, अनिल कुमार, युवा इंटक के प्रदेष अध्यक्ष पंकज छेत्री, सतेंद्र पंवार, प्रदीप जोशी, करनवीर सिंह नेगी, हेमा पुरोहित, तेजेंद्र रावत राजेंद्र नेगी, विजय सिंह बिष्ट, अनूप बिष्ट, दिया भट्ट, सोम सिंह रावत, संजय टम्टा, राजवीर सिंह चौहान, गुरदयाल सिंह, सुजाता पॉल, कांग्रेस सेवा दल के विक्टर थामस, कलीम अहमद, अभिनव बिष्ट, घनश्याम गुरंग, अजय पाल सिंह, नीरज त्यागी, बालेश कुमार व तनवीर आलम आदि मौजूद रहे।

