हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में 24 घंटे में बिजली गिरने की चेतावनी, देहरादून और बागेश्वर में होगी तीव्र से अति तीव्र बारिश
देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश संभावित है। देहरादून और बागेश्वर जिले में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश का ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां वर्षा के कुछ दौर तीव्र से अति तीव्र हो सकते हैं। मौसम विभाग ने दो मैदानी जिलों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई है।राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश का दौर अभी 9 अगस्त तक जारी रहेगा। इस बीच, मंगलवार सुबह दूनघाटी में तेज बारिश के कारण स्कूली बच्चों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, 6 अगस्त तक अधिकांश स्थानों और उसके बाद 7 से 9 अगस्त तक अनेक स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान है। देहरादून और बागेश्वर में अगले 24 घंटों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने के8 भी संभावना है। वहीं, पौड़ी और अल्मोड़ा को छोड़कर अन्य पर्वतीय जिलों- चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल, चंपावत और नैनीताल के अनेक स्थानों में भारी बारिश का यलो अलर्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि हरिद्वार व ऊधमसिंह नगर जिले में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी है। डॉ. तोमर के अनुसार, 7 से 9 अगस्त तक के तीन दिनों के लिए भी भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

