Wednesday, November 11, 2026
Latest:
उत्तराखंडआदेश-निर्देशराजकाज

अब तीन महीने में नहीं, हर महीने खाते में पहुंचेगी वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास में आयोजित कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत दी जाने वाली वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन का डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 8 लाख 36 हजार 603 लाभार्थियों के खाते में कुल 125 करोड़ रुपये बतौर पेंशन वन-क्लिक व्यवस्था से ट्रांसफर किए।

मुख्यमंत्री ने वन-क्लिक के माध्यम से 8.36 लाख खातों में ट्रांसफर की कुल 125 करोड़ की पेंशन राशि

वन क्लिक माध्यम से माह फरवरी-2024 की पेंशन में वृद्धावस्था पेंशन के 5 लाख 33 हजार 180 लाभार्थियों को कुल 79.97 करोड़, विधवा पेंशन के 2 लाख 12 हजार 30 लाभार्थियों को 31.80 करोड़ और दिव्यांग पेंशन के 91 हजार 393 लाभार्थियों को 13.70 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी गई है। मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कहा कि डीबीटी के माध्यम से दी जाने वाली वृद्धावस्था, विधवा, तथा दिव्यांग पेंशन से लाभार्थियों को राहत मिलगी। उन्होंने कहा कि पेंशन एक साथ-एक क्लिक में सीधे लाभार्थियों के खातों में जा रही है। राज्य सरकार ने पेंशन योजनाओं को सरल बनाने का कार्य किया है। साथ ही पूर्व में मिलने वाली धनराशि को 1200 से बढ़ाकर 1500 किया गया है। उन्होंने कहा राज्य सरकार ने दोनों बुजुर्ग दंपतियों को पेंशन देने का कार्य भी किया है। जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में पेंशन का भुगतान 3-3 माह के अंतराल पर होता था। किंतु, अब प्रत्येक माह पेंशन सीधे लाभार्थियों के खाते में आएगी और इस योजना का वास्तविक उद्देश्य पूर्ण हो सकेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकलांग जनों को पेंशन देने के साथ ही उन्हें मुख्य धारा से जोड़ने, रोजगार देने एवं उनकी उन्नति के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अप्रैल-2023 से ही पेंशन योजना के समस्त आवेदन ऑनलाइन किए जाने की व्यवस्था की गई है।  इससे पेंशन स्वीकृति में पारदर्शिता आई है और लाभार्थियों को भी अपने आवेदन की स्थिति जानने का अवसर मिल रहा है। इस अवसर पर सचिव बृजेश कुमार संत, प्रभारी निदेशक जीआर नौटियाल, उप निदेशक वासुदेव आर्य, मुख्य वित्त नियंत्रक कमलेश भंडारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी गोवर्धन सिंह, सहायक निदेशक हेमलता पांडे, वर्चुअल माध्यम से विभिन्न जिलों व ब्लॉकों के पेंशन लाभार्थी और अन्य लोग जुड़े थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *