दुर्घटनाऑपरेशंस

शक्तिनहर में समाए वाहन का 24 घंटे बाद भी पता नहीं, दिन भर चला सर्च ऑपरेशन रहा बेनतीजा

देहरादून। विकासनगर क्षेत्र में मंगलवार देर रात शक्तिनहर में समाए वाहन का 24 घंटे बाद भी कोई पता नहीं लग पाया है। बुधवार को एसडीआरएफ व पुलिस टीमों ने वाहन की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। वाहन में चालक के अलावा भी कोई सवार था या नहीं, इस बारे में पुलिस फिलहाल कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं है। हालांकि, नहर में समाए वाहन को कार बताया जा रहा है और डाकपत्थर क्षेत्र से एक युवक भी कार समेत लापता है। इससे उसके परिजनों समेत क्षेत्र के लोग आशंकित हैं।

मंगलवार देर रात विकासनगर क्षेत्र में नहर में गिर गया था वाहन, पानी ज्यादा होने से आ रही दिक्कत

राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार, 18 अगस्त को रात्रि 10ः34 बजे तहसील विकासनगर क्षेत्रांतर्गत एक वाहन (संख्या-अज्ञात) के अनियंत्रित होकर शक्तिनहर में गिरने की सूचना मिली। पुल नंबर-1 व 2 (भीमावाला) के बीच वाहन के नहर में गिरने की सूचना पर रात ही में ही एसडीआरएफ, थाना विकासनगर पुलिस, जल पुलिस व राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन उक्त वाहन का कुछ पता नहीं चल पाया। वीरवार को भी दिनभर अभियान चलाया गया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। नहर में इन दिनों काफी ज्यादा पानी होने के कारण कार के गहराई में समाने अथवा बह कर आगे निकल जाने की आशंका जताई जा रही है।

हेडलाइट और मैट के टुकड़ों से लगाया जा रहा कार होने का अनुमान, डाकपत्थर से एक युवक भी लापता

इस बीच, जिस जगह से कार के गिरने का अंदेशा लगाया गया है, वहां जमीन पर रगड़ के साथ ही कार की हेडलाइट व मैट का टुकड़ा भी मिला है। वहीं दूसरी ओर, डाकपत्थर क्षेत्र से भी एक युवक मंगलवार रात से लापता है और उसके पास भी उसी मॉडल की कार बताई गई है, जिस मॉडल की कार की मैट व हेडलाइट के टुकड़े मिले हैं। वहीं विकासनगर पुलिस का कहना है कि नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अभी कोई ठोस सुराग कार या उसके सवार के बारे में नहीं मिल पाया है। वीरवार सुबह फिर से अभियान शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *