दून मेडिकल कॉलेज में भावी डॉक्टर्स खा रहे ‘अनहेल्दी’ मेस का खाना, एफडीए के छापे में खुला राज
देहरादून। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने बुधवार को राजधानी और पछवादून क्षेत्र में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के मेस व कैफेटेरिया में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान गवर्नमेंट दून मेडिकल कॉलेज (जीडीएमसी) और देवभूमि यूनिवर्सिटी के भोजनालयों में कई गंभीर गड़बड़ियां मिलने पर इनके संचालकों को नोटिस जारी करते हुए सुधार होने तक बंद रखने के निर्देश दिए गए।
जीडीएमसी के मेस और कैफेटेरिया में कॉकरोच समेत तमाम खामियां मिलों, नहीं मिला फूड लाइसेंस
सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त (देहरादून) मनीष सयाना के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने गवर्नमेंट दून मेडिकल कॉलेज के ब्वायज मेस, गर्ल्स मेस और कैफेटेरिया की जांच की। इस दौरान मेस में कार्यरत कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं मिले। इसके अलावा पानी की जांच रिपोर्ट, खाद्य पदार्थों से संबंधित आवश्यक रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल के दस्तावेज भी मौके पर नहीं पाए गए। गर्ल्स हॉस्टल के मेस के स्टोररूम में जंग लगी अलमारियां मिलीं। चेकिंग के दौरान जीवित कॉकरोच भी पाए गए। वहीं, खिड़कियों और किचन के दरवाजों पर जाली नहीं होने के कारण मक्खियों व अन्य कीटों के प्रवेश की आशंका भी सामने आई। मौके पर कैटरर का वैध खाद्य लाइसेंस भी नहीं पाया गया।
एफडीए अधिकारियों ने मेस से खुली हल्दी, दही और तैयार छोले के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। इसके अतिरिक्त दून मेडिकल कॉलेज के कैफेटेरिया के किचन में भी कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस और पानी की जांच से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। संदेह के आधार पर तैयार दाल और डिलिशियस फैट स्प्रेड के नमूने भी जांच के लिए लिए गए।
देवभूमि यूनिवर्सिटी के किचन में भी छापेमारी, फूड लाइसेंस नहीं पर गड़बड़ियां खूब मिलीं
दूसरी ओर, पछवादून क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी की टीम ने देवभूमि यूनिवर्सिटी के किचन को चेक किया। यहां भी खाद्य लाइसेंस, कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस और पानी की जांच रिपोर्ट मौके पर उपलब्ध नहीं मिलीं। निरीक्षण के दौरान दाल मखनी मसाला, राजमा मसाला, तैयार अरहर दाल और पालक-आलू की सब्जी के नमूने लिए गए।
इसके अतिरिक्त नंदा की चौकी स्थित एक प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना भी जांच के लिए एकत्र किया गया। हालांकि, एफडीए ने इस प्रतिष्ठान का नाम छिपा लिया। छापेमारी के दौरान कुल 10 खाद्य सैंपल एकत्र कर राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि मंगलवार को दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में भी गंभीर गड़बड़ियां पकड़ में आई थीं।

