दुर्घटनाउत्तराखंड

मणिमाई मंदिर के निकट कार और लोडर की भिड़ंत, दो की मौके पर ही मौत, पांच अन्य घायल

देहरादून। हरिद्वार-देहरादून नेशनल हाईवे पर मणिमाई मंदिर के निकट बुधवार सुबह हुए भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को निकटवर्ती डेवल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लच्छीवाला टोल प्लाजा से कुछ पहले मणिमाई मंदिर के निकट एक लोडर और देहरादून की ओर से जा रही ईको कार की भिड़ंत हो गई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह फट गया। दुर्घटनाग्रस्त कार में सात लोग सवार थे। दुर्घटना के तत्काल बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास शुरू किया। इसी बीच, डोईवाला पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों की मदद से घायलों को निकालकर अस्पताल भिजवाया गया। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। डोईवाला पुलिस के अनुसार, अभी कार सवारों और घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *