धारचूला में पहाड़ी से गिरे बोल्डर ने पुल को किया तहस-नहस, चीन-नेपाल सीमा समेत कई घाटियों का संपर्क टूटा
पिथौरागढ़। मंगलवार देर रात बारिश के दौरान पहाड़ी से भारी बोल्डर टूटकर गिरने से धारचूला-तवाघाट (एनएच बीआरओ ) मोटर मार्ग पर कूलागाड में काली नदी में बना वैलीब्रिज टूट कर नदी में गिर गया है। भारत को चीन और नेपाल सीमा से जोड़ने वाले सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस पुल के तहस-नहस होने से चौदस, दारमा और व्यास घाटी समेत काफी बड़े क्षेत्र का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। मानसरोवर यात्रियों के लिए भी समस्या खड़ी हो गई है।
कैलाश-मानसरोवर यात्रियों के 9वें दल के लिए भी खड़ी हुई समस्या, आज करना है भारत में प्रवेश
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि बीआरओ वैकल्पिक इंतजाम में जुट गया है और बुधवार। शाम तक डायवर्जन का कार्य कर लिया जाएगा। इसबीच, बुधवार को ही कैलाश मानसरोवर यात्रियों का 9वां जत्था भारत की सीमा में प्रवेश कर रहा है, जिसे धारचूला पहुंचना है, लेकिन पुल टूटने से इस जत्थे के लिए दिक्कत खड़ी हो गई है। दल में 48 यात्री और कुमाऊं मंडल विकास निगम के तीन कुक शामिल हैं। जबकि, 10वां जत्था अभी तिब्बत में ही है, जो 23 अगस्त को भारत में प्रवेश करेगा। 10वें जत्थे में 44 यात्री व तीन कुक शामिल हैं।

