उत्तराखंडआदेश-निर्देशराजधानी

कैंट और डोईवाला में अर्धसैनिक बलों व पुलिस ने किया फ्लैग मार्च, आज ढाई घंटे और कल 2 व 3 घंटे रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

देहरादून। राजधानी के कैंट और डोईवाला थाना क्षेत्रों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने आमजन को शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना मिलने पर उसकी जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया। इस बीच, आज 19 अगस्त को करीब ढाई घंटे और कल 20 अगस्त को सुबह दो घंटे व दोपहर तीन घंटे तक रानीपोखरी से लेकर आशारोड़ी और मसूरी से लेकर प्रेमनगर तक 12 स्थानों से ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का दो दिन का दौरा, आईजीएनएफए व एलबीएसएनएए में तय हैं कार्यक्रम

दरअसल, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 19 और 20 अगस्त को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वे 19 अगस्त को देहरादून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए) का दौरा करेंगे। वहां वे 2025-27 बैच के भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के परिवीक्षाधीन अधिकारियों को संबोधित करेंगे। उपराष्ट्रपति 20 अगस्त को मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) में 2024 बैच के आईएएस प्रोफेशनल कोर्स के द्वितीय चरण के समापन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।

उनके दौरे को देखते एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) वी. मुरुगेशन समेत पुलिस के उच्चाधिकारियों ने मंगलवार को ड्यूटी पर तैनात की जा रही फोर्स की ब्रीफिंग की। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाने के साथ ही कैंट और डोईवाला थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया।

पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवायजरी, इन वैकल्पिक मार्गों से होगी वाहनों की आवाजाही

पुलिस ने उपराष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर बुधवार 19 और वीरवार 20 अगस्त के लिए ट्रैफिक एडवायजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से डायवर्जन प्लान देखकर ही निकलने की सलाह दी है। ट्रैफिक एडवायजरी के अनुसार, 19 अगस्त को दोपहर एक बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक 20 अगस्त को सुबह 8:30 बजे से 10.30 बजे तक व दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक रूट डायवर्जन इस तरह रहेगा-
■ ऋषिकेश की ओर से देहरादून शहर व मसूरी की तरफ आने वाले वाहन रानीपोखरी भोगपुर-थानो- 6 नम्बर पुलिया-सहस्रधारा क्रासिंग-सर्वे चौक होते हुए देहरादून शहर में प्रवेश करेंगे, जबकि मसूरी के लिए सहस्रधारा क्रासिंग-आईटी पार्क-साईं मंदिर से होते हुए मसूरी की ओर निकलेंगे।
■  इसी तरह हरिद्वार से देहरादून शहर व मसूरी की ओर आने वाले वाहन भानियावाला फ्लाई ओवर की सर्विस लेन से डोईवाला चौक-दूधली मार्ग होते हुए कारगी चौक से देहरादून शहर में प्रवेश करेंगे। जबकि, मसूरी के लिए इस रूट के वाहन कारगी चौक से आईएसबीटी-शिमला बाईपास-जीएमएस रोड-कैंट-अनारवाला होते हुए निकलेंगे।
■ आशारोडी व प्रेमनगर क्षेत्र से मसूरी जाने वाले वाहनों को आईएसबीटी-शिमला बाईपास-जीएमएस रोड-बल्लूपुर चौक-कैंट-अनारवाला होते हुए भेजा जाएगा।
■  देहरादून शहर से हरिद्वार व ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहन कारगी चौक-दूधली मार्ग-डोईवाला चौक-भानियावाला फ्लाईओवर की सर्विस लेन-लालतप्पड-नेपाली फार्म तिराहा होते हुए ऋषिकेश वो हरिद्वार की ओर भेजे जाएंगे।
■ मसूरी से हरिद्वार व ऋषिकेश की ओर जाने वाले जाने वाले वाहन जेपी बैंड-बार्लोगंज-कुठाल गेट-ओल्ड मसूरी रोड-सांई मंदिर- काठ बंगला पुल-कृषाली चौक-आईटी पार्क-सहस्त्रधारा क्रासिंग-6 नंबर पुलिया-रायपुर चौक-थानो रोड होते हुए अपने गंतव्य की ओर निकलेंगे।
■   ईसी रोड से मसूरी जाने वाले वाहन सर्वे चौक-सहस्रधारा क्रासिंग-आईटी पार्क-साईं मंदिर होते हुए निकलेंगे।
■ घंटाघर की ओर से मसूरी जाने वाले वाहन ग्रेट वैल्यू-कैनाल रोड-काठ बंगला पुल-साईं मंदिर होते हुए जाएंगे।
■ हाथीबडकला व दिलाराम तिराहे से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए ग्रेट वैल्यू-कैनाल रोड- काठ बंगला पुल- साइन मंदिर वाला रूट निर्धारित किया गया है।

जिले में इन 12 प्वाइंट से होगा रूट डायवर्जन
1- भोगपुर तिराहा (रानीपोखरी)
2- भानियावाला फ्लाई ओवर
3- डोईवाला थाने से 100 मीटर आगे दूधली रोड
4- कारगी चौक
5- शिमला बाईपास चौक
6- सर्किट हाउस एनेक्सी तिराहा
7- सहस्रधारा क्रासिंग
8- राजपुर रोड साईं मंदिर
9- दिलाराम चौक
10- ग्रेट वैल्यू तिराहा
11- साईं मंदिर तिराहा (मसूरी डायवर्जन)
12- कुठालगेट तिराहा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *