उत्तराखंडअपराधराजधानी

पांच दिन पूर्व लूटी चेन ‘साथ’ लेकर देर रात बदमाश पहुंचा बैरियर पर, पुलिस ने किया पीछा तो झोंका ‘फायर,’ पुलिस की जवाबी गोली लगी पैर में

देहरादून। एक बदमाश, जिसने कथित तौर पर 14 अगस्त को बसंत विहार इलाके में वृद्धा से चेन लूट ली थी, वह पांचवें रोज देर रात लूटी गई ‘चेन’ साथ लेकर बिना नंबर की स्कूटी (एक्टिवा) पर सवार होकर बसंत विहार क्षेत्र में ही पुलिस के बैरियर पर पहुंच गया। वह भी तब, जब कि वीवीआईपी मूवमेंट के कारण थोड़ा ज्यादा चौकसी का दावा किया जा रहा हो। पुलिस ने रोका, बदमाश रुका नहीं। पुलिस ने पीछा किया, तो टी एस्टेट की तरफ भागते बदमाश ने कथित तौर पर पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने भी बिना देरी किए जवाबी फायरिंग कर दी। भागमभाग और रात के अंधेरे के बावजूद पुलिस का निशाना नहीं गड़बड़ाया और गोली हमेशा की तरह इस बार भी बदमाश के पैर में ही लगी।

कहानी भले ही हर बार सरीखी पुरानी और फिल्मी सी लगती हो, मगर सुनाई तो ऐसी ही गई है। पुलिस ने बुधवार तड़के करीब साढ़े 3 बजे सूचना सार्वजनिक की। इसमें ‘दावा’ किया गया कि बसंत विहार क्षेत्र में देर रात्रि (मंगल-बुध की रात) हरबंसवाला बैरियर पर ‘सघन’ चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक स्कूटी सवार को रोकने का प्रयास किया गया। स्कूटी चालक चेकिंग प्वाइंट पर न रुककर टी एस्टेट की तरफ भागने लगा। इस पर पुलिस टीम ने बदमाश का पीछा किया। बदमाश ने पुलिस पर पीछा करने के दौरान फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में स्कूटी चालक बदमाश के पैर पर गोली लगी। उसे घायलावस्था में प्रेमनगर अस्पताल भेजा गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने आगे दावा किया है कि मुठभेड़ में घायल बदमाश 14 अगस्त को बसंत विहार इलाके में वृद्ध महिला के साथ हुई स्नेचिंग की घटना का अभियुक्त है। बदमाश के विरुद्ध बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बदमाश से 315 बोर का एक देशी तमंचा और कारतूस के साथ ही 14 अगस्त को ‘लूटी’ गई चेन भी बरामद बताई है। पुलिस के अनुसार, मौके पर बरामद नीले रंग की बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी हुई थी। पुलिस के अनुसार, 27 वर्षीय घायल बदमाश का नाम आकाश उर्फ तमंचा है, जो रायपुर रोड क्षेत्र स्थित शिवाजी एनक्लेव (जैन प्लॉट) का रहने वाला है। उस पर तकरीबन दर्जनभर मुकदमे भी दर्ज बताए गए हैं।

वीवीआइपी मूवमेंट के दृष्टिगत किए जा रहे सघन चेकिंग-चौकसी के दावों पर सवाल, चेन बरामदगी की कहानी भी आश्चर्यजनक

हालांकि, इस मुठभेड़ और चेन लूट के खुलासे ने वीवीआईपी मूवमेंट के चलते किए जा रहे कड़ी चौकसी के दावों की हकीकत पर भी सवाल खड़ा कर दिया है। क्योंकि, रायपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला बदमाश कोतवाली क्षेत्र से चोरी बिना नंबर की एक्टिवा से आधी रात के वक्त वसंत विहार यानी तीसरे थाना क्षेत्र में पहुंच गया, लेकिन हरबंसवाला से पहले रास्ते के किसी बेरियर-किसी चेकिंग प्वाइंट पर उसे रोका तक नहीं गया? दूसरे, सबसे आश्चर्यजनक यह कि बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा पर सवार होकर बदमाश ने पांच दिन पहले वसंत विहार में वृद्धा से जो चेन लूटी, उस चेन को बेचने या घर रखने के बजाय वह अपने साथ लेकर बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा से उसी वसंत विहार इलाके में पुलिस से ‘भिड़ने’ जा पहुंचा!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *