यूकेएसएसएससी के बाहर बेरोजगार संघ ने लगाया ‘मंडाण’, आयोग दफ्तर और अफसरों का किया ‘धूप-धुपाणु’
देहरादून। उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने मंगलवार को ‘मंडाण’ लगाया। ढोल-दमौं बजे, रणसिंघा गरजे और धूप-धुपाणू भी हुआ। मंडाण में लोग नाचते-झूमते हैं। इस मामले में बेरोजगार संघ का मंडाण अलग था। यहां नाचने-झूमने के बजाय नारे लगे और आक्रोश का इजहार हुआ। बीच-बीच में पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई। घंटों बाद आश्वासन मिला, तो मंडाण भी फिलवक्त स्थगित कर दिया गया।
परीक्षा कैलेंडर और भर्ती विज्ञप्ति तत्काल जारी करने की मांग को लेकर अपनाया प्रदर्शन का अलग रास्ता
दरअसल, उत्तराखंड बेरोजगार संघ उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) से तत्काल भर्ती विज्ञप्ति और परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग कर रहा है। कोई सुनवाई न होने पर संघ ने इस बार विरोध प्रदर्शन का अलग तरीका अपनाते हुए मंडाण लगाने का ऐलान किया। उसकी इस घोषणा के अनुरूप मंगलवार दोपहर तकरीबन 12 बजे काफी संख्या में बेरोजगार युवा ढोल-दमौं और रणसिंघा के साथ रायपुर-थानो मार्ग स्थित आयोग के कार्यालय पहुंचे। वहां पहले से ही कई थाने-चौकियों का फोर्स तैनात किया गया था। पुलिस ने आयोग दफ्तर का गेट बंद करके युवाओं को अंदर दाखिल नहीं होने दिया। इस पर पुलिस से उनकी धक्कामुक्की हुई।
दिनभर चला चयन आयोग कार्यालय का घेराव, शाम आश्वासन के बाद स्थगित हुआ विरोध
आक्रोशित युवाओं ने आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्ताेलिया के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नई भर्ती विज्ञप्ति व परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग दोहराई। युवाओं ने वाद्य यंत्रों को बजाते हुए आयोग दफ्तर को घेर लिया। वहीं, बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने हाथ में नारियल रखी थाली लेकर गेट के बाहर से ही आयोग और उसके अधिकारियों का धूप-धुपाणू किया। दिनभर चले घेराव और विरोध प्रदर्शन के बाद आयोग के अध्यक्ष मर्ताेलिया ने युवाओं को आज ही परीक्षा कैलेंडर जारी करने और 31 अगस्त तक नए भर्ती विज्ञापन प्रकाशित कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही शाम को संघ ने मंडाण स्थगित किया।
युवाओं को गुमराह किया तो आयोग कार्यालय में ही शुरू किया जाएगा धरना-प्रदर्शन : बेरोजगार संघ
उत्तराखंड बेरोज़गार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने कहा कि आयोग लगातार युवाओं को गुमराह कर रहा है। परीक्षा कैलेंडर के अनुसार कोई भी विज्ञापन प्रकाशित नहीं हो रहा है और न ही परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। इससे परीक्षा की तैयारी कर रहे प्रदेश के लाखों युवाओं में भारी आक्रोश है। संघ के उपाध्यक्ष सुरेश सिंह ने कहा कि यदि लगातार प्रदेश के युवाओं को इसी तरह गुमराह किया जाता रहा तो अभी सिर्फ ढोल, दमाऊं व रणसिंघा के साथ ही आए हैं, जरूरत पड़ी तो आयोग के कार्यालय में ही धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन में प्रदेश संयोजक सुशील कैंतुरा, सह-संयोजक जसपाल चौहान, विशाल चौहान, पीसी पंत, सचिन उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए।

