बम डिस्पोजल स्क्वॉड पहुंचा ऋषिकेश और रायवाला, संदिग्ध वस्तु की तलाश में भीड़भाड़ वाले स्थानों को खंगाला
ऋषिकेश। संदिग्ध वस्तु की तलाश में पुलिस के बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने वीरवार को भीड़भाड़ वाले कई स्थानों को खंगाला। बम निरोधक दस्ते की सघन चेकिंग की यह कार्रवाई त्रिवेणी घाट परिसर, बस अड्डा परिसर, रेलवे स्टेशन, मुख्य बाज़ार व रायवाला रेलवे स्टेशन समेत भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर हुई।
कांवड यात्रा को देखते हुए मेला क्षेत्र में संदिग्ध वस्तु की तलाश और संदिग्धों की धरपकड के लिए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने सभी अधीनस्थों को निर्देश जारी किए हैं। इसी सिलसिले में बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने त्रिवेणी घाट के आरती परिसर, नाव घाट, आस्था पथ, बस अड्डा परिसर की दुकानों, बसों व ट्रॉजिट कैंप, रेलवे स्टेशन जैसी भीड़भाड़ वाले स्थानों को खंगाला। इसमें डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई।
चेकिंग अभियान के दौरान स्क्वॉड के सदस्यों ने लोगों को सतर्क रहते हुए किसी भी संदिग्ध वस्तु मिलने पर तत्काल इसकी सूचना निकटतम पुलिस चौकी या पुलिस कंट्रोल रूम को देने के लिए जागरूक किया।

