दुर्घटनाआदेश-निर्देशराजकाजराजधानी

सड़क हादसों से चिंतित डीएम ने अफसरों से तलब की रिपोर्ट, ब्लैक स्पॉट समेत सभी संवेदनशील स्थानों के विस्तृत सर्वे के निर्देश

देहरादून। डीएम डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों सेे जिलेभर में सड़क दुर्घटना की आशंका वाले सभी स्थानों व ब्लैक स्पॉट के संबंध में रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने ऐसे सभी ब्लैक स्पॉट व स्थानों का शीघ्र विस्तृत सर्वे करने और ऐसे सभी के लिए तत्काल डीपीआर तैयार कर सड़क सुधार का कार्य शुरू करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक सड़क दुर्घटना का सोशल और इकोनॉमिकल सर्वे भी कराया जाए। दुर्घटना स्थलों का निरीक्षण कर कारणों का तकनीकी विश्लेषण करते हुए आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं।

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली, सड़कों पर बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत करने को कहा

डीएम ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में बड़ती दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता जाहिर की। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे सभी संवेदनशील स्थलों का सर्वे करने को कहा है, जहां प्रकाश व्यवस्था की कमी है या ट्रैफिक में बाधक बन रहे बिजली के पोल अथवा ट्रांसफॉर्मर हैं। उन्होंने जहां शिफ्टिंग की आवष्यकता है, वहां षिफ्टिंग का प्रस्ताव तैयार करने के लिए भी कहा। साथ ही सड़कों पर बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत और जलभराव रोकने के लिए ड्रेनेज सिस्टम को ठीक करने के भी निर्देश दिए।

सड़कों पर सभी अवैध मीडियन क्रॉसिंग बंद कराने और चकराता-कालसी में विशेष अभियान चलाने के निर्देश

डॉ. चौहान ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर आशारोड़ी से डाटकाली टनल तक दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए मोड़ व चौराहों पर सड़क चौड़ीकरण, रंबल स्ट्रिप, स्ट्रीट लाइट और अन्य सुरक्षात्मक कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों पर सभी अवैध मीडियन क्रॉसिंग तत्काल बंद कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया। डीएम ने कहा कि चकराता और कालसी जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में ओवरलोडिंग, वाहनों की खराब फिटनेस, नियमित मेंटेनेंस का अभाव और ड्रंक एंड ड्राइव सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण रहते हैं। उन्होंने परिवहन विभाग को इन मामलों में विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में एसपी (ट्रैफिक) जितेंद्र चौधरी, एडीएम (प्रशासन) स्मृता परमार, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता ओम पाल सिंह, आरटीओ अनिता चमोला, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, एनएच के अधिशासी अभियंता सुरेश तोमर, नगर निगम के अधिशासी अभियंता रजित कोठियाल, एनएचएआई की प्रबंधक शालू चौहान, ईओ रजनीश, एआरटीओ रश्मि पंत, अनिल सिंह, रत्नाकर सिंह सहित वर्चुअल माध्यम से सभी एसडीएम व समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *