दैवीय आपदामौसमहिमालयी राज्य

प्रदेश में अधिकांश जगह झमाझम बारिश, गंगोत्री हाईवे धसा, यमुनोत्री हाईवे समेत कई राजमार्ग भी अवरूद्ध

देहरादून। राजधानी समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को बारिश का सिलसिला तेज हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग, नई दिल्ली ने उत्तराखंड समेत तीन हिमालयी राज्यों में अगले तीन से पांच दिन तक व्यापक फैलाव (Widespread) के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

भारी बारिश के कारण ऋषिकेश-गंगोत्री नेशनल हाईवे (एनएच-34) उत्तरकाशी जिले में भटवाड़ी क्षेत्रांतर्गत पापड़गाड़ के निकट धस गया है। इसके चलते हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है और सिर्फ हल्के वाहन ही पुलिस की निगरानी के बीच सावधानी पूर्वक निकाले जा रहे हैं।

पिथौरागढ़ जिले में तीन राष्ट्रीय राजमार्गों पर मलबा आने से आवाजाही ठप

ऋषिकेश-यमुनोत्री नेशनल हाईवे (एनएच-134) भी बाडिया, जंगलचट्टी और बनास के पास भूस्खलन के कारण अवरूद्ध है। एनएच की टीमें मलबा हटाकर हाईवे को सुचारू करने के लिए मौके पर जुटी है। पिथौरागढ़ जिले में तवाघाट-गुंजी नेशनल हाईवे भी दो स्थानों व धारचूला-तवाघाट नेशनल हाईवे कूलागाड और मुनस्यारी-मिलम हाईवे मलबा व बोल्डर आने के कारण बंद हैं। बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (बीआरओ) की टीमें बंद राजमार्गों को खोलने के लिए प्रयासरत हैैं।

जोशीमठ तहसील के किमाणा और घनसाली तहसील के जंदोली गांव में भूस्खलन से नुकसान

पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिष के कारण कई जगह लोगों की संपत्ति को भी नुकसान पहुंच रहा है। चमोली जिले की जोषीमठ तहसील क्षेत्रांतर्गत किमाणा गांव में पहाड़ी से लगातार मलबा आ रहा है, जो गांव में फैल रहा है। मलबे की चपेट में आने से किमाणा के 25 काश्तकारों की 1.500 हेक्टेयर कृषि भूमि को क्षति पहुंची है। वहीं, दो गौशाला भी मलबे में दब गईं। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाई जा रही है। टिहरी जिले की घनसाली तहसील क्षेत्रांतर्गत नैलचामी पट्टी के जंदोली गांव में भी भूस्खलन हो रहा है। इससे गांव के प्राइमरी स्कूल के साथ ही तीन घरों को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित परिवारों को एहतियात के तौर पर पंचायत भवन में रखा गया है।

हरिपुर कालसी में दर्ज हुई बहुत भारी बारिश, उत्तराखंड समेत तीन हिमालयी राज्यों में 3 से 5 दिन के लिए चेतावनी जारी

इस बीच, सोमवार सुबह तक 8ः30 बजे तक बीते 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड में सर्वाधिक वर्षा कालसी क्षेत्र में हुई। मौसम विभाग के अनुसार, हरिपुर (कालसी) में 123.4 और कालसी में 108 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जो क्रमश: बहुत भारी और भारी की श्रेणी में रही। इसके अलावा इसी अवधि में गढ़वाल-कुमाऊं के 28 अन्य स्थानों पर हल्की से मध्यम (15 से 49.5 मिलीमीटर तक) बारिश हुई। सोमवार को दिनभर में रूक-रूक कर बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 6 अगस्त तक, हिमाचल प्रदेश में 7 अगस्त तक और जम्मू-कश्मीर में 5 अगस्त तक अधिकांश स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा 7 और 8 अगस्त को उत्तराखंड और 8 अगस्त को हिमाचल प्रदेश में अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *