उत्तराखंडगढ़वाल मंडलराजनीति

नई टिहरी में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को गजा शिफ्ट करने की सुगबुगाहट से बवाल, बाजार बंद रहे, सैकड़ों लोग उतरे सड़क पर

नई टिहरी। भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय के टिहरी विधानसभा क्षेत्रांतर्गत इणियां में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्रांतर्गत गजा के निकट पिफल्टी ले जाए जाने की सुगबुगाहट से विवाद खड़ा हो गया है। विरोधस्वरूप शुक्रवार को नई टिहरी, बीपुरम, बौराड़ी, कोटी कॉलोनी समेत आसपास के बाजार बंद रखे गए। टिहरी विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने कलेक्ट्रेट तक विशाल रैली निकाल कर प्रदर्शन किया।

संघर्ष समिति का ऐलान, इणियां से किसी भी दशा में मेडिकल कॉलेज नहीं जाने देंगे पिफल्टी, तेज होगा आंदोलन

आंदोलन का नेतृत्व कर रही नई टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के नेताओं ने दो टूक कहा कि जिला मुख्यालय नई टिहरी के इणियां में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को किसी भी दशा में अन्यत्र नहीं ले जाने दिया जाएगा। रैली में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता व कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग, व्यापारी, अधिवक्ता, छात्र व महिलाएं शामिल हुए। संघर्ष समिति के नेताओं का कहना था कि जिला मुख्यालय नई टिहरी के लिए करीब चार साल पहले मेडिकल कॉलेज स्वीकृत हुआ था। बीपुरम के निकट इणियां क्षेत्र में सरकार व शासन के निर्देश पर टीएचडीसी ने इसके निर्माण की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी थी। अब इसी प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को जिला मुख्यालय के बजाय गजा के पिफल्टी में स्थानांतरित करने का प्रयास सरकार में बैठे लोग कर रहे हैं, जिन्हें किसी भी दशा में सफल नहीं होने दिया जाएगा और इसके लिए आंदोलन तेज होगा।

रैली व सभा में संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, सहसंयोजक भगवान सिंह रावत, नई टिहरी नगर पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत, कांग्रेस नेता शांति प्रसाद भट्ट, बार एसोसिएशन अध्यक्ष जयवीर सिंह रावत, डॉ. प्रीति पोखरियाल, वरिष्ठ पत्रकार महिपाल सिंह नेगी, भाजपा नेता सुशील बहुगुणा, देवेंद्र नौडियाल समेत बड़ी संख्या में जन भागीदारी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *