सृष्टि दहेज हत्या प्रकरण : पति और ननद पहुंचे सलाखों के पीछे, फास्टट्रैक कोर्ट में चलेगा मुकदमा
देहरादून। हर्रावाला के बहुचर्चित सृष्टि कंडारी मौत मामले में पुलिस ने दहेज हत्या के आरोपी पति सौरभ खत्री व ननद चारू को गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी शनिवार दोपहर पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में देहरादून के एसएसपी परमेंद्र डोभाल ने दी। उन्होंने बताया कि फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से जल्द से जल्द सख्त सज़ा दिलवाने का प्रयास किया जाएगा।
एसएसपी ने बताया कि श्रीकोट (श्रीनगर) निवासी सीमा कंडारी कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर बताया था कि उनकी पुत्री सृष्टि का विवाह नवम्बर-2025 में सौरभ खत्री निवासी लक्ष्मण एन्कलेव (दिल्ली फार्म), हर्रावाला के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही उसके ससुराल पक्ष वाले सृष्टि को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। इसी तहरीर में सीमा ने सृष्टि के पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी व ननद चारू पर उसकी हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई का आग्रह किया। तहरीर के आधार पर कोतवाली डोईवाला में मुकदमा अपराध संख्या 223/26 धारा 80(2) बीएनएस बनाम सौरभ खत्री आदि पंजीकृत किया गया।
एसएसपी ने बताया कि घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच डोईवाला की पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा को सौंपते हुए उनके नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम ने अभियोग में त्वरित साक्ष्य संकलन करते हुए वादिनी व अभियोग से संबंधित अन्य गवाहों के बयान अंकित किए। इसी दौरान पुलिस टीम को मृतका की मां ने घटना से पूर्व सृष्टि का उन्हें भेजा गया वीडियो उपलब्ध कराया गया, जिसमें मृतका ने शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष पर उसे लगातार प्रताडित करने की बात कही थी। इसके बाद शनिवार को सृष्टि के पति सौरभ खत्री (36 वर्ष) पुत्र स्व. मनोहर खत्री व ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू (37 वर्ष) पुत्री स्व. मनोहर खत्री को लक्ष्मण एनक्लेव (दिल्ली फार्म) हर्रावाला से गिरफ्तार कर लिया गया। सौरभ उत्तराखंड सचिवालय में बतौर निजी सचिव कार्यरत है।

