Thursday, November 12, 2026
Latest:
आपदा प्रबंधनउत्तराखंडदेश-दुनिया

विश्वभर के आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ जुटेंगे देहरादून में, 28 नवंबर से चार दिवसीय 6ठवां विश्व सम्मेलन

देहरादून। 6ठवां विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन इस बार प्रदेश की राजधानी देहरादून में आयोजित होगा। 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय सम्मेलन में विश्वभर के आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड व अन्य हिमालयी क्षेत्रों की आपदा से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए विश्व स्तर पर किए जा रहे चिंतन और प्रयासों को इस सम्मेलन से गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन का आयोजन उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, डीएमआईसीएस हैदराबाद और उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यू-कॉस्ट) संयुक्त रूप से कर रहे हैं। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो), रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ), परमाणु ऊर्जा आयोग के प्रमुखों, भारत सरकार के मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार के साथ ही विश्व के प्रमुख संस्थानों के प्रतिनिधियों, संयुक्त राष्ट्र संघ, देश-विदेश के जलवायु विशेषज्ञों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जा रहा है। सम्मेलन के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह एंव आपदा प्रबंधन मंत्री अमित शाह को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जा रहा है।

सम्मेलन से पूर्व स्कूल-कॉलेजों और केंद्रीय संस्थानों में होंगे विशेष सत्र

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 6वें विश्व सम्मेलन का प्राथमिक उद्देश्य हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र और समुदायों पर ध्यान केंद्रित करते हुए जलवायु परिवर्तन और आपदा प्रतिरोध की चुनौतियों पर चर्चा करते हुए उनका समाधान करना है। इसके अतिरिक्त सम्मेलन का उद्देश्य उत्तराखंड को आपदा प्रतिरोधकता और तत्परता के लिए जलवायु अनुकूली समाधानों के केंद्र के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आपदा प्रबंधन के विशेष सत्रों का आयोजन संपूर्ण प्रदेश में विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय के साथ ही राज्य में स्थित केंद्रीय संस्थानों, जैसे- वाडिया हिमालयी भू-विज्ञान संस्थान, आईआईपी, आईआईआरएस, जल संरक्षण इत्यादि में किया जाएगा। पूर्वाेत्तर राज्यों समेत देश भर के संस्थानों में भी आपदा प्रबंधन पर पूर्व कार्यक्रम आयोजित किए जाने प्रस्तावित हैं।

अमिताभ बच्चन बनाए गए सम्मेलन के ब्रांड एंबेसडर, वीडियो जारी
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि सम्मेलन में 4 मुख्य सत्र, 50 तकनीकी सत्र, कई विशेष तकनीकी सत्र होंगे, जिनमें में आपदा प्रबंधन से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श होगा। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन के लिए जाने-माने अभिनेता अमिताभ बच्चन को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। इस मौके पर सम्मेलन के प्रचार-प्रसार से संबंधित अमिताभ बच्चन के दो वीडियो भी जारी किए गए। प्रेस कांफ्रेंस में सचिव (आपदा प्रबंधन) रंजीत सिन्हा, महानिदेशक (यूकोस्ट) प्रो. दुर्गेश पंत व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *