Wednesday, November 11, 2026
Latest:
उत्तराखंडराजधानी

तथ्यों पर आधारित हो सोशल मीडिया पोस्ट: धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज के दौर में सूचनाओं के त्वरित संप्रेषण में सोशल मीडिया की बड़ी भूमिका है। सूचनाओं को आगे बढ़ाने में इसकी छोटी सी पोस्ट और ट्वीट उन्हें कहां से कहां तक पहुंचा देती है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जन तक पहुंचाने में भी बड़ा माध्यम है। उन्होंने इस क्षेत्र में तकनीकी नवाचार के माध्यम से समसामयिक विषयों पर सटीक कंटेंट का बेहतर उपयोग करने और इसमें युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की पोस्ट तथ्यों पर आधारित हो। इसका गलत उपयोग न हो, इस पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।  मुख्यमंत्री ने कहा कि समसामयिक विषयों को एवं तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने पर लोगों की विश्वसनीयता बढ़ेगी।

सोशल मीडिया में बढ़ी है विघटनकारी ताकतों की सक्रियता

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सोशल मीडिया के क्षेत्र में कुछ विघटनकारी और विकास विरोधी ताकतों की सक्रियता बढ़ी है। समाज का माहौल बिगाड़ने वालों की सक्रियता को सकारात्मक सोच के साथ रोकने के प्रयासों पर भी उन्होंने बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया के कंटेंट की भाषा सरल व सुगम हो सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों सामाजिक गतिविधियों को लोगों तक पहुंचाने का बेहतर प्लेटफार्म है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 साल का सफल कार्यकाल पूर्ण होने पर सोमवार रात सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से संबंधित कार्यक्रम में राजपुर रोड स्थित होटल में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर से संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री  धामी ने उक्त विचार व्यक्त किए।

केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों की सेवा, वंचितों का सम्मान, नारी सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी, इन्फ्रास्ट्रक्चर, तकनीकी के विकास, पर्यावरण संरक्षण समेत अनेक क्षेत्रों में सराहनीय कार्य किए। उन्होंने भी सोशल मीडिया को जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में बड़ा माध्यम बताया।

पीएम के 9 साल होने पर मीडिया संवाद में गिनाई उपलब्धियां

इससे पूर्व दोपहर राजपुर रोड स्थित एक होटल में मुख्यमंत्री ने मीडिया से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की 9 साल की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पटल पर अलग पहचान बनी है। 

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर राज्य के शहरी विकास मंत्री  प्रेमचंद अग्रवाल, विधायक विनोद चमोली, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, भाजपा के महामंत्री संगठन अजेय कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *