अच्छी खबरः अब तक नहीं कराई ई-केवाईसी तो घरेलू गैस उपभोक्ता न हों परेशान, अब 23 अगस्त तक है मौका
देहरादून। जिले के घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए रविवार को दो तरह की खबरें आईं। एक, राहत देने वाली अच्छी खबर और दूसरी चिंता बढ़ाने वाली बुरी खबर। पहले बात करते हैं अच्छी खबर की। जिन गैस उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई, उन्हें एक मौका और दिया जा रहा है। अब ऐसे तकरीबन डेढ़ लाख उपभोक्ता 23 अगस्त तक ई-केवाईसी करा सकते हैं।
देहरादून में 15 अगस्त तक डेढ़ लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं ने नहीं कराई ई-केवाईसी
भारत सरकार ने 15 अगस्त तक घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए अपने गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि निर्धारित की थी। देहरादून जिले में ई-केवाईसी की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। जिले में कुल 7 लाख 16 हजार 845 घरेलू गैस कनेक्शन हैं। इनमें 15 अगस्त तक 5 लाख 57 हजार 546 उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी करा ली। अब 1 लाख 59 हजार 299 उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनकी ई-केवाइसी होनी बाकी है। इनमें 9 हजार 243 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हैं। ऐसी दशा में भारत सरकार ने एक अवसर और प्रदान करते हुए ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि 23 अगस्त तक बढ़ा दी है।
तीन में से किसी भी एक तरीके से करा सकते हैं ई-केवाईसी, न कराने पर बंद हो जाएगी घरेलू सिलेंडर की आपूर्ति
जिलापूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने उपभोक्ताओं से बिना अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए शीघ्र ई-केवाईसी पूरी करा लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि ई-केवाईसी तीन तरह से कराई जा सकती है। एक, अपनी गैस एजेंसी में जाकर। दूसरी गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करने वाले डिलीवरी कर्मी के पास उपलब्ध मोबाइल एप व बायोमेट्रिक उपकरण के माध्यम से इसे कराया जा सकता है। तीसरे विकल्प में उपभोक्ता संबंधित ऑयल कंपनी (इंडेन, भारत गैस या एचपी गैस आदि) का अधिकृत मोबाइल एप डाउनलोड कर उससे स्वयं ई-केवाईसी कर सकता है। जिलापूर्ति अधिकारी अग्रवाल ने कहा है कि निर्धारित अंतिम तिथि 23 अगस्त तक भी ई-केवाईसी न कराने वाले उपभोक्ताओं को घरेलू गैस की आपूर्ति बाधित हो जाएगी और उन्हें व्यावसायिक दरों पर ही गैस सिलेंडर लेना पड़ेगा।

