Wednesday, November 11, 2026
Latest:
उत्तराखंडविविध

खिलाड़ियों-प्रशिक्षकों को प्रदान किए देवभूमि खेल रत्न और द्रोणाचार्य पुरस्कार

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड स्थित बहुद्देशीय क्रीड़ा भवन में वर्ष 2019-20 के लिए बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन और वर्ष 2020-21 के लिए एथलीट चंदन सिंह को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार प्रदान किया। इसके साथ ही देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार वर्ष 2019-20 के लिए बैडमिंटन प्रशिक्षक धीरेंद्र कुमार सेन, वर्ष 2020-21 के लिए ताईक्वांडो प्रशिक्षक कमलेश कुमार तिवारी और  वर्ष 2021- 22 के लिए तीरंदाजी प्रशिक्षक संदीप कुमार डुकलान को प्रदान किया गया। खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिए जाने पर वर्ष 2021-22 के लिए एथलीट सुरेश चंद्र पांडे को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। खेल विभाग की ओर से आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2021 और 2022 के लिए राष्ट्रीय स्तर के 168 पदक विजेता खिलाड़ियों व 42 प्रशिक्षकों को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को कुल 2.08 करोड़ रूपये की धनराशि वितरित की गई।

   मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर और पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। जब कोई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल रहा होता है, तो पूरे देश की भावनाएं उससे जुड़ी होती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर सम्भव प्रयास किये जा रहे हैं। राज्य में ‘मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना’ प्रारंभ की गई है। प्रत्येक जिले के 150 बालक और 150 बालिकाओं अर्थात प्रदेश के कुल 3900 उभरते खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति दी जा रही है। सरकारी नौकरियों में खेल कोटे को भी पुनः शुरू करने का निर्णय लिया गया है। नई खेल नीति में खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए हैं। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड 2024 में 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *