Tuesday, September 8, 2026
Latest:
उत्तराखंडआदेश-निर्देशराजकाज

उत्तराखंड में एसआईआर की अवधि बढ़ी, अब तीन अक्तूबर को होगा वोटर लिस्ट का फाइनल पब्लिकेशन

देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को पूरा करने की अवधि बढ़ा दी गई है। अब एसआईआर के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 3 अक्तूबर को होगा। पहले यह तिथि 15 सितंबर निर्धारित थी।

पहले 15 सितंबर निर्धारित थी मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के लिए, भारत निर्वाचन आयोग ने बढ़ाई अवधि

सोेमवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि 3 अक्तूबर कर दी है। पूर्व में जारी कार्यक्रम के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर को किया जाना था।

राज्य में जारी हुए कुल 24.30 लाख नोटिस, 99 फीसद से ज्यादा की सुनवाई हो चुकी पूरी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में 24 लाख 30 हजार नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से 99 प्रतिशत से अधिक नोटिसों की सुनवाई पूरी कर ली गई है। इसके साथ ही फार्म 6-7 और 8 की भी 40 प्रतिशत सुनवाई का कार्य पूरा हो चुका है। डॉ. पुरूषोत्तम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी नए कार्यक्रम के अनुसार दावे व आपत्तियों की सुनवाई अब 28 सितंबर तक की जाएगी। इसके बाद 3 अक्तूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। प्रेस कांफ्रेंस में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उपमुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी व सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *