दो नगर पालिका परिषद के लिए मतदान 22 सितंबर को, राज्य निर्वाचन आयोग ने जारी की अधिसूचना
देहरादून। राज्य निर्वाचन आयोग ने ऊधमसिंह नगर जिले की दो नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष व सभासदों के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। निकायों में 10 सितंबर से नामांकन पत्र भरे जाएंगे और 22 सितंबर को मतदान होगा। चुनाव परिणाम 24 सितंबर को घोषित किए जाएंगे। इन दोनों ही जगह वोटिंग में ईवीएम के बजाय मतपत्रों का इस्तेमाल होगा।
यूएस नगर की किच्छा और सिरौलीकलां पालिका के लिए होने हैं चुनाव, 10-11 को नामांकन, 24 को मतगणना
ऊधमसिंह नगर जिले की किच्छा नगर पालिका परिषद व सिरौलीकलां नगर पालिका परिषद के चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार की ओर से सोमवार को अधिसूचना के साथ ही विस्तृत कार्यक्रम जारी किया गया। अध्यक्षों व सदस्यों के लिए 10 व 11 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक पर्चे दाखिल होंगे। 12 सितंबर को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 13 तिसंबर को सुबह 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नाम वापसी हो सकेगी। 14 सितंबर को सुबह 10 बजे से प्रत्याशियों को चुनाव-चिह्न आवंटित किए जाएंगे। 22 सितंबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक दोनों नगर निकायों में मतदान होगा। 24 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतपत्रों की गिनती शुरू होगी और गणना पश्चात चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। ऊधमसिंह नगर के जिला निर्वाचन अधिकारी 8 सितंबर को दोनों निकायों में आरक्षण का विवरण देते हुए अपने स्तर से विधिवत अधिसूचना जारी करेंगे।

