एक नही, दो वाहन बहे कंडोली-बिधोली के बरसाती रपटे में, एमबीबीएस की छात्रा समेत 2 की मौत, 3 किए गए रेस्क्यू
देहरादून। प्रेमनगर कोतवाली क्षेत्रांतर्गत कंडोली-बिधोली के बीच बरसाती रपटे में सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि एक नहीं, बल्कि दो वाहन बहे। इस हादसे में अलग-अलग वाहनों में सवार राजस्थान निवासी युवक व युवती की मौत हो गई। युवती राजस्थान में मेडिकल की छात्रा थी, जबकि युवक यहां प्रेमनगर कोतवाली क्षेत्र के एक निजी संस्थान में पढ़ रहा था।
बरसाती नदी में बह कर काफी दूर पहुंच गए थे दोनों वाहन
पुलिस के अनुसार, सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली प्रेमनगर को सूचना मिली कि कंडोली-बिधोली पुल के पास बरसाती रपटे में पानी के तेज बहाव से 2 गाड़िया बह गई हैं, जिनमें कुछ लोग बैठे हैं। इस सूचना पर तत्काल कोतवाली प्रेमनगर से पुलिस फोर्स आपदा प्रबंधन उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। साथ ही स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ) व फायर सर्विस की टीमों को भी तत्काल मौके पर पहुंचने के लिए सूचित किया गया।
मौके पर पहुंची एसडीआरएफ, पुलिस व फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने रेस्कयू ऑपरेशन संचालित करते हुए सबसे पहले बरसाती नदी के बीच बह कर दूर पहुंचे स्कॉर्पियो एन (एचआर 08एजी 8743) में सवार 2 युवकों में से एक 22 वर्षीय संभव निवासी हरियाणा को रेस्क्यू कर लिया। उसके साथ स्कॉर्पियों में सवार दूसरे युवक 21 वर्षीय अक्षय निवासी जयपुर (राजस्थान) की इस हादसे में मौत हो गई। उसके शव को वाहन से बरामद कर लिया गया।
प्रेमनगर क्षेत्र के निजी संस्थान में दाखिला होने पर युवती को छोड़ने आए थे राजस्थान से
पुलिस के अनुसार, रपटे में बहे दूसरे वाहन क्रेटा (आरजे 13सीई 5641) में 1 युवक व 2 युवतियां सवार थीं। क्रेटा भी बहकर करीब 2 किलोमीटर दूर पहुंच चुका था। इसमें से रेस्क्यू टीमों ने 22 वर्षीय अंश बवेजा पुत्र गुलशन कुमार निवासी श्रीगंगानगर (राजस्थान) और 18 वर्षीय बीबीए एलएलबी की छात्रा सहजप्रीत कौर को सुरक्षित निकाल लिया। वाहन सवार एक अन्य युवती 19 वर्षीय कनन सचदेवा पुत्री विकास सचदेवा निवासी श्रीगंगानगर (राजस्थान) की मौत हो गई। उसका शव नदी से बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में जानकारी करने पर वाहन सवारों ने बताया कि रात में बिधोली-कंडोली पुल के पास रपटे के तेज बहाव का अंदाजा न हो पाने के कारण उनके वाहन बह गए थे। स्कॉर्पियो में सवार दोनों युवक प्रेमनगर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के छात्र हैं। जबकि, क्रेटा सवार युवती का भी इसी क्षेत्र में निजी शिक्षण संस्थान में दाखिला हुआ है। उसी को छोड़ने वे राजस्थान से देहरादून आए थे। मृतक कनन राजस्थान के श्रीगंगानगर स्थित टाटिया यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस की छात्रा थी।

