Tuesday, September 1, 2026
दैवीय आपदाकुमाऊं मंडलदुर्घटना

अल्मोड़ा के वडयूरा गांव में भूस्खलन से मकान ध्वस्त, घर में सो रही महिला और युवा पुत्र-पुत्री की मलबे में दबकर मौत

अल्मोड़ा। मंगलवार तड़के सोमेश्वर तहसील क्षेत्रांतर्गत वडयूडा गांव में भारी बारिश के दौरान पहाड़ी से हुए भूस्खलन के कारण एक मकान का काफी हिस्सा ध्वस्त हो गया। इस घटना में घर के अंदर सो रही महिला और उनके युवा बेटे-बेटी की मलबे में दबकर मौत हो गई। जबकि, बाहरी हिस्से में बने कमरे में सो रहे एक व्यक्ति की जान बच गई। पुलिस, फायर सर्विस व एसडीआरएफ के जवानों ने ग्रामीणों की मदद से सभी शवों को मलबे से निकाला। भूस्खलन के कारण आसपास के कुछ और मकानों को भी खतरा उत्पन्न हो गया है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने इस घरों में रह रहे परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करा रहा है।

तड़के 3ः30 बजे के आसपास हुई घटना, बाहरी कमरे में सो रहा परिवार का सदस्य सुरक्षित

सोमेश्वर तहसील के राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्र पातलीबगड़ के वडयूरा गांव स्थित घर में सोमवार रात 42 वर्षीय प्रेमा देवी पत्नी राजेंद्र राम और उनके बेटे-बेटी 19 वर्षीय कल्पना आर्य व 18 वर्षीय मनीष कुमार सो रहे थे। घर के बाहरी हिस्से में स्थित कमरे में गुलाब राम सो रहे थे। क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के दौरान मंगलवार तड़के 3ः30 बजे के आसपास मकान का वह हिस्सा भरभरा का ढह गया, जिसमें महिला और उनके बेटे-बेटी सो रहे थे। तीनों मलबे में दब गए। बाहरी कमरे में सो रहे गुलाब राम व आसपास के ग्रामीण अचानक हुई इस घटना से भयभीत होकर जागे और तत्काल तीनों को मलबे से निकालने का प्रयास किया। कामयाबी न मिलने पर ग्रामीणों ने पटवारी चौकी और सोमेश्वर थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही सोमेश्वर थाने का फोर्स, फायर सर्विस के जवान और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचे।

मार्ग अवरूद्ध होने से एसडीआरएफ टीम 3 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंची गांव में

इस बीच, डीसीआर और आपदा कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर सरियापानी पोस्ट से एसडीआरएफ टीम उपनिरीक्षक पंकज डंगवाल के साथ मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल से लगभग 3 किलोमीटर पहले मलबा आने के कारण सड़क बंद थी। इस पर एसडीआरएफ टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ पैदल ही घटनास्थल की ओर रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचकर टीम ने स्थानीय लोगों, फायर सर्विस व पुलिस के साथ मिलकर मलबा हटाया और कुछ घंटों की मषक्कत के बाद प्रेमा देवी, कल्पना व मनीष के शव बरामद कर लिए।

खतरे में आए आसपास के अन्य मकानों से लोगों को अन्यत्र शिफ्ट करा रहा प्रशासन

अल्मोड़ा के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने बताया कि आसपास के कुछ अन्य मकानों को भी खतरा उत्पन्न हो गया है। इसे देखते हुए इन मकानों में रह रहे लोगों को अन्यत्र शिफ्ट किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी तहसीलों से हर दो घंटे में अपडेट लिया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *