धामी कैबिनेट ने लिए कई अहम फैसले, सब्जी और फूल उत्पादन के लिए बनेगें 17 हजार से ज्यादा पॉलीहाउस
देहरादून। मंगलवार शाम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित राज्य कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में सब्जी व फूलों की खेती के लिए नाबार्ड की आरआईडीएफ योजनांतर्गत कलस्टर आधारित 100 वर्गमीटर आकार के 17 हजार 648 पॉलीहाउस की स्थापना के लिए 304 करोड़ रूपये स्वीकृत किए गए। इसमें कृषकों को 70 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। योजना से राज्य के एक लाख कृषकों को प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से स्वरोजगार के साधन उपलब्ध होने की उम्मीद है। साथ ही सब्जियों के उत्पादन में 15 और फूलों के उत्पादन में 25 प्रतिशत तक की वृद्धि होने की भी उम्मीद की जा रही है।
ऋषिकेश से नीलकंठ तक बनेगा रोपवे
कैबिनेट ने देहरादून के मौजा तरला नांगल स्थित तिब्बती शरणार्थियों के लिए प्रस्तावित आवासीय योजना में प्रशमन/स्वीकृति के लिए आंकलित कुल 65.71 लाख रूपये की धनराशि की छूट प्रदान करने का भी फैसला किया। .ऋषिकेश से नीलकंठ महादेव मंदिर तक पीपीपी मोड पर रोपवे निर्माण के प्रस्ताव को बैठक में हरी झंडी दी गई। जिला योजना समिति की बैठकों में कोरम के लिए आधे सदस्यों की उपस्थिति के बजाय अब एक तिहाई सदस्यों की उपस्थिति को अनिवार्य करने के साथ ही पहली बार कोरम के अभाव में स्थगित होने वाली बैठक के लिए अगली बार सिर्फ एक चौथाई सदस्यों की उपस्थिति को अनिवार्य माने जाने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगाई गई।
हाईवे के 100 मीटर तक के दायरे में अब नक्शा पास कराना अनिवार्य
कैबिनेट ने राष्ट्रीय राजमार्ग ंव राजकीय राजमार्ग और समस्त स्थानीय निकाय चिह्नित मार्गों के दोनों किनारों से दोनों ओर पर्वतीय क्षेत्रों में 50 मीटर और मैदानी क्षेत्रों में 100 मीटर की हवाई दूरी तक सभी प्रकार के निर्माणों के मानचित्रों की स्वीकृति अनिवार्य करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। बैठक में कई अन्य फैसलों को भी मंजूरी दी गई।

