दुष्यंत उत्तराखंड से पूरी तरह विदा, अब राम भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी, बांसुरी और मेनन को सह-प्रभार
नई दिल्ली। भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी रहे दुष्यंत गौतम की आखिरकार विदाई हो गई है। उनके स्थान पर एक दशक पहले तक संघ में अहम पदों पर रहे और अब भाजपा के वरिष्ठ नेता राम माधव को उत्तराखंड भाजपा का नया प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है।
भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय की ओर से जारी सूची में कई राज्यों के प्रभारी और सह प्रभारी बदले गए हैं। इनमें उत्तराखंड के बदलाव को इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यहाँ निवर्तमान प्रभारी दुष्यंत गौतम काफी विवादों में घिर गए थे। खासकर, अंकिता भंडारी मामले को लेकर विपक्ष और जन संगठन उनकी ओर लगातार उंगली उठा रहे थे। ऐसे में विधानसभा चुनाव में किसी तरह के नकारात्मक प्रभाव से बचने के लिए चुनाव से चंद माह पहले पार्टी ने उन्हें पूरी तरह विदा करना ही बेहतर समझा। संघ की गहन पृष्ठभूमि वाले राम माधव को काफी सुलझा हुआ नेता माना जाता है।
वहीं, बांसुरी स्वराज की बतौर सह-प्रभारी नियुक्ति को महिलाओं के आक्रोश की धार कुंद करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। इसकी वजह यह है कि बांसुरी प्रखर वक्ता के अतिरिक्त स्व. सुषमा स्वराज की पुत्री हैं। सुषमा स्वराज उत्तराखंड में प्रभारी और यहां से राज्यसभा सदस्य भी रही हैं। स्थानीय जनमानस में उनकी काफी लोकप्रियता रही है।





