राजधानीअपराधविविध

राजधानी में तड़के महिला की गोली मार कर हत्या, आरोपी पति की तलाश में पुलिस दे रही दबिश

देहरादून। राजधानी के क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्रांतर्गत सुभाषनगर में सोमवार तड़के महिला की गोली मार कर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप महिला के पति पर लगा है। गोली मारने की सूचना भी पुलिस को स्वयं मृतिका के पति ने ही दी। घटना के बाद से आरोपी पति मोबाइल स्विच ऑफ करके फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। प्रथमदृष्ट्या घटना की वजह दंपति के बीच विवाद मानी जा रही है।

क्लेमेंटाऊन पुलिस से अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6:00 बजे कंट्रोल रूम को धीरज पंवार नामक व्यक्ति ने कॉल करके सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही थाने से पुलिस टीम ने उक्त व्यक्ति से संपर्क करने का प्रयास किया, तो उसका फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा था। इस पर थाने से पुलिस टीम ने उक्त स्थान को ट्रेस किया, जहां से कॉल की गई थी। पुलिस सुभाषनगर की ईदगाह रोड पर सत्य साईं मंदिर के नजदीक पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। लोगों के बताने पर पुलिस ने वहीं एक प्लॉट के अंदर बने कमरे में खोला, जहां महिला मृतावस्था में मिली। महिला की शिनाख्त 26 वर्षीय काजल पत्नी धीरज पवार निवासी ईदगाह रोड, सुभाष नगर मूल निवासी ग्राम मेघा सकरपुर थाना पुरकाजी, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। महिला की मौत गोली लगने से होने की पुष्टि हुई।

सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि काजल उक्त स्थान पर पति धीरज पवार पुत्र सुशील पवार निवासी ग्राम मेघा शकरपुर थाना पुरकाजी, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के साथ रह रही थी। वहीं बगल में मृतका का भाई अभिषेक पुत्र बृजपाल निवासी ग्राम चांचक थाना पुरकाजी, जिला मुजफ्फरनगर भी निवास कर रहा है। अभिषेक ने मौके पर पुलिस को बताया कि के कई दिनों से उसकी बहन और जीजा का विवाद चल रहा था। सीओ के अनुसार, मौके पर पुलिस व फील्ड यूनिट ने आवश्यक साक्ष्य संकलन किए हैं। काजल के भाई की तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेनटाउन में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी धीरज की तलाश शुरू कर दी गई है। अलग-अलग टीमों का गठन कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *