उत्तराखंडगढ़वाल मंडल

मसूरी से देहरादून जा रही रोडवेज बस खाई में गिरी, दो महिलाओं की मौत, 20 घायल

मसूरी। यहां से देहरादून के लिए चली उत्तराखंड परिवहन निगम की यात्रियों से भरी बस करीब 70 मीटर गहरी खाई में गिर गई। मसूरी से करीब छह किलोमीटर आगे आईटीबीपी एकेडमी गेट और शेरगढ़ी के नजदीक हुई दुर्घटना में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 20 के आसपास यात्री घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है।

दुर्घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर मसूरी से यात्रियों को लेकर बस देहरादून के लिए चली। चालक और परिचालक के अलावा बस में 36 यात्री सवार थे। देहरादून- मसूरी मार्ग पर आइटीबीपी गेट के पास चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क से नीचे 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बस को गिरते देख आसपास से गुजर रहे लोगों और ग्रामीणों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने के साथ ही खाई में उतर कर रेस्क्यू शुरू किया। इसी बीच, मसूरी पुलिस, फायर सर्विस और आईटीबीपी के जवान मौके पर पहुंच कर घायलों को खाई से निकालने में जुट गए। कुछ देर में सहस्त्रधारा व जौलीग्रांट से एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीमें भी मौके पर पहुंच गई।

खाई से निकलकर सात घायलों को मालसी स्थित मैक्स अस्पताल और अन्य को मसूरी के लंढौर स्थित उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मैक्स अस्पताल में करीब 42 वर्षीय महिला और 18 वर्षीय युवती को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उप जिला अस्पताल से घायलों को दून मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक व कृषि मंत्री गणेश जोशी, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, सीएमओ संजय जैन और एसपी सिटी सरिता डोभाल ने दून अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। डीएम सोनिका ने मैक्स अस्पताल व दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के साथ ही घटना स्थल का दौरा किया। डीएम ने बताया कि दो महिलाओं की मृत्य हुई है। घायलों में भी अधिकांश की स्थिति सामान्य है। दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *