मोहब्बेवाला के ‘खूनी जोन’ में बाइक को चपेट में लेकर पलटा कंटेनर ट्रक, एक की मौत, दो गंभीर
देहरादून। राजधानी में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे (सहारनपुर रोड) स्थित मोहब्बेवाला के ‘खूनी जोन’ में रविवार सुबह विशालकाय कंटेनर ट्रक ने एक व्यक्ति को जान ले ली, जबकि अन्य दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह 8:30 बजे के आसपास मोहब्बेवाला में हाईवे के ढलान पर हुआ। कंट्रोल रूम माध्यम से थाना पटेलनगर पुलिस को सूचना मिली कि मोब्बेवाला क्षेत्र में ट्रक सड़क के बीचोंबीच पलट गया है। सूचना पर पुलिस बल तत्काल आपदा कंट्रोल, फायर सर्विस, ट्रैफिक कंट्रोल के साथ मौके पर पहुंचा। जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि 16 टायर वाले हरियाणा नंबर के उक्त कंटेनर ट्रक में सीमेंट से भरा।
ढलान पर ट्रक एक बाइक को चपेट में लेते हुए पलट गया। उसकी चपेट में दो और लोग भी आ गए। इनमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, अन्य दो की हालत बेहद नाजुक है। दुर्घटना के बाद हाईवे की एक लेन पूरी तरह जाम हो गई। ट्रैफिक सुचारू करने के लिए पुलिस ने क्रेनों की मदद से ट्रक को हटवाया। इसके बाद ही वाहनों की आवाजाही सुचारू हो पाई। गौरतलब है कि दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मोहब्बेवाला का यह पूरा क्षेत्र एक्सीडेंट जोन या खूनी जोन बनकर उभरा है। इस खतरनाक ढलान पर ट्रकों अथवा कंटेनरों के पलटने से इन दो वर्षों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की जान जा चुकी है।

